विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

WPL 2026: जीत के लिए जोर लगाएंगी मुंबई और दिल्ली, वापसी पर रहेंगी नजरें

Published: Mon, 19 Jan 2026 06:56 PM (IST)

मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स WPL में वापसी के लिए मंगलवार को आमने-सामने होंगी। मुंबई ने पांच में से सिर्फ ...और पढ़ें

आमने-सामने होंगी मुंबई और दिल्ली

आमने-सामने होंगी मुंबई और दिल्ली

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

पीटीआई, वडोदरा: मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स मंगलवार को जब महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में आमने-सामने होंगे तो उनका लक्ष्य अपना अभियान वापस पटरी पर लाना होगा। हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली मुंबई इंडियंस की टीम ने अब तक पांच मैचों में सिर्फ दो जीत हासिल की हैं। उसके खिलाड़ी अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखने में नाकाम रहे हैं।

मुंबई इंडियंस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से हार के साथ शुरुआत की, लेकिन फिर दूसरे मैच में 195 रन का बचाव करते हुए सबसे निचले पायदान पर काबिज दिल्ली कैपिटल्स को 50 रन से करारी शिकस्त दी। गुजरात जायंट्स पर सात विकेट से मिली जीत ने मुंबई इंडियंस के अभियान को कुछ गति प्रदान की, लेकिन यूपी वारियर्स के विरुद्ध लगातार दो हार से उसकी टीम बैकफुट पर चली गई। हालांकि मुंबई अभी पांच टीम की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर बना हुआ है।

ये है सबसे बड़ी चिंता

मुंबई इंडियंस की सबसे बड़ी चिंता पावरप्ले में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाना है। हेली मैथ्यूज के चोटिल होने और शीर्ष क्रम में अमेलिया कर और जी कमलिनी के साथ किए गए असफल प्रयोगों के कारण मुंबई इंडियंस का टूर्नामेंट में पावरप्ले में रन रेट सबसे कम (6.50) रहा है। शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों की नहीं चल पाने के कारण कप्तान हरमनप्रीत और नैट सीवर ब्रंट पर बोझ बढ़ गया। जब भी इन दोनों बल्लेबाजों का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा तब मुंबई इंडियंस को संघर्ष करना पड़ा।

दिल्ली को चाहिए जीत

दूसरी ओर पिछले सत्र की उपविजेता दिल्ली कैपिटल्स चार मैचों में तीन हार के साथ तालिका में सबसे नीचे है। उसने अपने अभियान की शुरुआत लगातार दो हार के साथ की। उसे एकमात्र जीत यूपी वॉरियर्स के विरुद्ध मिली, लेकिन पिछले मैच में 166 रन पर आउट होने के बाद आरसीबी से आठ विकेट से मिली हार ने उसकी प्रगति पर फिर से विराम लगा दिया। कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स के मध्य क्रम में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने के कारण दिल्ली को नुकसान हुआ है। लौरा वोल्वार्ट भी पिछले मैच में शून्य पर आउट होने के बाद फॉर्म में वापसी करने के लिए उत्सुक होंगी।

यह भी पढ़ें- WPL 2026 Points Table: स्‍मृति मंधाना की आरसीबी का जलवा कायम, दिल्‍ली की हालत खराब; देखें अपडेटेड अंक तालिका

यह भी पढ़ें- DC W vs RCB W: स्‍मृति मंधाना ने लगाया जीत का चौका, शतक से चूकीं पर टीम को दिला दी जीत