वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा, पहली ही गेंद पर दूसरी बार आउट हुआ ये खिलाड़ी
ICC Cricket World Cup 2019 New Zealand vs West Indies Match न्यूजीलैंड को मैच की पहली ही गेंद पर बड़ा झटका लगा।
नई दिल्ली, जेएनएन। ICC Cricket World Cup 2019 New Zealand vs West Indies Match: न्यूजीलैंड को मैच की पहली ही गेंद पर बड़ा झटका लगा। वर्ल्ड कप 2019 के 29वें मुकाबले में वेस्टइंडीज के कप्तान जेसन होल्डर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। ऐसे में पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड को वेस्टइंडीज के गेंदबाज ने पहली गेंद पर झटका दिया।
दरअसल, मैच का पहला ओवर वेस्टइंडीज की ओर से शेल्डन कॉटरेल डालने आए। इस ओवर की पहली गेंद को न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल ने ऑन साइड पर खेलना का प्रयास किया लेकिन वे चूक गए और गेंद पैड पर जाकर लगी। शेल्डन कॉटरेल ने LBW की जोरदार अपील की लेकिन अंपायर सहमत नहीं दिखे।
उधर, शेल्डन कॉटरेल को खुद पर विश्वास था और उन्होंने कप्तान जेसन होल्डर से बात कर रिव्यू लिया। थर्ड अंपायर ने चेक किया तो पाया कि गेंद स्टंप्स की लाइन में पिच हुई और स्टंप्स में लगी है। ऐसे में थर्ड अंपायर ने मार्टिन गप्टिल को आउट दे दिया। इस तरह न्यूजीलैंड को पहली गेंद पर झटका लगा।
वर्ल्ड कप के इतिहास में ऐसा पहली बार है जब कोई खिलाड़ी दो बार पारी की पहली गेंद पर आउट हुआ। इससे पहले मार्टिन गप्टिल अफगानिस्तान के खिलाफ भी पारी की पहली गेंद पर कैच आउट हुए थे। इसके साथ-साथ इस मैच एक रिकॉर्ड और बना जो वर्ल्ड कप में पहली बार था जब दोनों ओपनर शून्य पर आउट हुए।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप