WI vs PNG Highlights T20 world cup 2024: लड़खड़ाते हुए जीता वेस्टइंडीज, पीएनजी को 5 विकेट से दी मात
दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज से पहले मैच में जिस तरह के खेल की उम्मीद थी वो खेल दिखा नहीं। हालांकि ये टीम जीत हासिल करने में सफल रही। पीएनजी ने पहले मैच में अपने खेल से प्रभावित किया और वेस्टइंडीज को दबाव में ला दिया। एक समय लग था कि पीएनजी उलटफेर कर सकता है लेकिन रोस्टन चेज और आंद्रे रसेल ने उसे एक ओवर पहले जीत दिला दी।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पापुआ न्यू गिनी की टीम टी20 वर्ल्ड कप 2024 की विजयी शुरुआत तो नहीं कर सकी लेकिन उसने वेस्टइंडीज जैसी टीम को दबाव में जरूर डाल दिया। विंडीज ने किसी तरह रोस्टन चेज की पारी के दम पर इस मैच में पीएनजी को पांच विकेट से हरा दिया। लेकिन उसे जीत आसानी से नहीं मिली। इसके लिए उसे पसीना बहाना पड़ा। वेस्टइंडीज के कप्तान रोवमैन पावेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पीएनजी ने 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 135 रन बनाए। वेस्टइंडीज ने ये स्कोर 19 ओवरों में पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया।
पीएनजी को जिस तरह की शुरुआत मिली थी उससे लगा था कि ये टीम 100 के पार भी नहीं जा पाएगी लेकिन पीएनजी ने सेसे बाऊ की बल्लेबाजी के दम पर दमदार वापसी की और सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। बल्लेबाजी के बाद पीएनजी ने अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया।
पीएनजी की खराब शुरुआत
पीएनजी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसने अपने शुरुआती चार विकेट 50 रनों पर ही खो दिए थे। लेकिन इसके बाद एडम गिलक्रिस्ट के फैन सेसे बाऊ ने पैर जमाए और अर्धशतक जमाते हुए टीम को संकट से बाहर निकाला। बाऊ ने 43 गेंदों पर 50 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में एक छक्का और छह चौके मारे। अंत में किपलिन डोरिगा ने 18 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से नाबाद 27 रन बनाए।
वेस्टइंडीज की तरफ से रसेल और अल्जारी जोसेफ ने दो-दो विकेट लिए। अकील हुसैन, रोमारियो शेफर्ड और गुडकेश मोती ने एक-एक विकेट लिया।
वेस्टइंडीज ने किया निराश
वेस्टइंडीज के पास एक से एक तूफानी बल्लेबाज हैं और इसलिए उम्मीद थी कि ये टीम आसानी से टारगेट हासिल कर लेगी। लेकिन ऐसा हुआ नहीं। जॉन्सन चार्ल्स बिना खाता खोले आउट हो गए। निकोलस पूरन 27 रन बनाकर आउट हो गए। उनके बाद ब्रेंडन किंग (34), कप्तान रोवमैन पावेल (15) और शेरफाने रदरफोर्ड (2) के विकेट जल्दी गिरने के बाद टीम पर संकट मंडरा रहा था। रसेल और दूसरा छोर संभाले खड़े रोस्टन चेज ने विंडीज को दबाव से तुरंत बाहर निकाला और टीम को जीत दिलाई। रसेल ने नाबाद 15 और चेज ने 27 गेंदों पर नाबाद 42 रन बनाए। उन्होंने इस पारी में चार चौके और दो छक्के मारे।
पीएनजी की तरफ से कप्तान असादा वाला ने दो विकेट लिए। एली नाओ, चाड सोपर और जॉन कारिको को एक-एक सफलता मिली।
वेस्टइंडीज ने खराब स्थिति में से बाहर निकलते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2024 के अपने पहले मैच में पीएनजी को पांच विकेट से हरा दिया। ये जीत उसे आसानी से नहीं मिली। अंत में आंद्रे रसेल ने नाबाद 15 और रोस्टन चेज नाबाद 42 ने टीम को एक ओवर पहले जीत दिलाई।
वेस्टइंडीज की टीम ने अपना पांचवां विकेट खो दिया है। शेरफाने रदरफोर्ड आउट हो गए हैं। उन्हें पीएनजी के कप्तान ने आउट किया। इसी के साथ विंडीज पर हार का संकड मंडरा रहा है। 24 गेंदों पर विंडीज को 40 रनों की जरूरत है।
वेस्टइंडीज को बड़ा झटका लग गया है। टीम के कप्तान रोवमैन पावेल आउटो हो गए हैं। सोपर की गेंद पावेल के बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर के हाथों में गई। यहां वेस्टइंडीज मुसीबत में दिख रही है। उसने अपना चौथा विकेट खो दिया है। पावेल ने 15 रन बनाए।
ब्रेंडन किंग आउट हो गए हैं। इसी के साथ वेस्टइंडीज का तीसरा विकेट गिर चुका है। 10वें ओवर की पांचवीं गेंद पर असादा वाला ने उन्हें साइका के हाथों कैच कराया। किंग ने 34 रन बनाए।
वेस्टइंडीज की दूसरा विकेट गिर गया है। निकोलस पूरन आउट हो गए हैं। नौवें ओवर की पहली गेंद पर पूरन ने करिको पर बड़ा शॉट मारना चाहा लेकिन लॉन्ग ऑन पर लपके गए। उन्होंने 27 रन बनाए।
पावरप्ले खत्म हो गया है। वेस्टइंडीज ने इन छह ओवरों में एक विकेट खोकर 52 रन बना लिए हैं। निकोलस पूरन आक्रामक मूड में नजर आ रहे हैं।
थोड़े से अंतराल के बाद मैच फिर से शुरू हो गया है। बारिश रुक गई है। दोनों ही टीमों के खिलाड़ी मैदान पर आ गए हैं।
वेस्टइंडीज की पारी का दूसरा ही ओवर चल रहा था तभी बारिश आ गई और मैच को रोकना पड़ा। मैदान पर इस समय कवर्स हैं।
वेस्टइंडीज टीम को पहला झटका लग गया है। दूसरे ही ओवर की पहली गेंद पर जॉन्सन चार्ल्स को एलबीडब्ल्यू कर दिया। एली नाओ ने उन्हें खाता तक नहीं खोलने दिया। विंडीज ने रिव्यू लिया लेकिन इसमें अंपार्यस कॉल आया और चार्ल्स को जाना पड़ा।
वेस्टइंडीज की पारी शुरू हो गई है। जॉन्सन चार्ल्स के साथ ब्रेंडन किंग पारी की शुरुआत करने आए हैंं। विंडीज को जीत के लिए 137 रन बनाने हैं। पहले ही ओवर में विंडीज ने 8 रन ले लिए।
पीएनजी की पारी खत्म हो गई है। इस टीम ने सेसे बाऊ के 50 और डोरिगा के नाबाद 27 रनों के दम पर 20 ओवर खेलने के बाद आठ विकेट खोकर 136 रन बनाए हैं।
रसेल ने एक शानदार यॉर्कर डाल पीएनजी के बल्लेबाज सोपर को बोल्ड कर दिया। उनका विकेट 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर गिरा।
अर्धशतक ठोकने वाले बाऊ 17वें ओवर की तीसरी गेंद पर आउट हो गए हैं। उन्हें अल्जारी जोसेफ ने आउट कर दिया। जोसेफ की धीमी गेंद को समझ नहीं पाए और बोल्ड हो गए। उन्होंने 43 गेंदों पर 50 रनों की पारी खेली। वह टी20 वर्ल्ड कप में अर्धशतक जमाने वाले अपने देश के दूसरे खिलाड़ी हैं।
सेसे बाऊ ने 16वें ओवर की पहली गेंद पर रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। इसी के साथ वह टी20 वर्ल्ड कप में पीएनजी के लिए अर्धशतक जमाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं।
आंद्रे रसेल ने पीएनजी को पांचवां झटका दिया है। उन्होंने अमिनी को 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर विकेटकीपर पूरन के हाथों कैच करा दिया। वह 12 रन ही बना सके।
पीएनजी ने चौथा विकेट खो दिया है। हिरी आउट हो गए हैं। गुडकेश मोती की गेंद पर पावेल ने उनका कैच लपका।
पीएनजी ने अपना तीसरा विकेट खो दिया है। छठे ओवर की आखिरी गेंद पर अल्जारी जोसेफ ने उन्हें रोस्टन चेस के हाथों कैच कराया। कप्तान असाद वाला ने 21 रन बनाए।
अकील हुसैन ने पीएनजी को दूसरा झटका दे दिया है। ्उन्होंने तीसरे ओवर की पहली गेंद पर लेगा सियाका को बोल्ड कर दिया।
पीएनजी ने अपना पहला विकेट खो दिया है। दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर रोमारियो शेफर्ड ने टोनी ओरा को आउट कर दिया। विकेटकीपर निकोलस पूरन ने उनका कैच लपका।
वेस्टइंडीज और पीएनजी का मैच शुरू हो गया है। वेस्टइंडीज की तरफ से पहला ओवर बाएं हाथ के स्पिनर अकील हुसैन कर रहे हैं। पीएनजी की तरफ से टोनी ओरा और असद वाला पारी की शुरुआत करने आए हैं।
वेस्टइंडीज की प्लेइंग-11: रोवमैन पावेल (कप्तान), जॉनसन चार्ल्स, ब्रैंडन किंग, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), रोस्टन चेस, शेरफेन रदरफोर्ड, आंद्रे रसेल, रोमारियो शेफर्ड, अकील हुसैन, अल्जारी जोसेफ, गुडाकेश मोती
पीएनजी की प्लेइंग-11: असद वाला (कप्तान), टोनी उरा, सेसे बाउ, हिरी हिरी, चार्ल्स अमिनी, किपलिंग डोरिगा, एली नाओ, चाड सोपर, काबुआ मोरिया, जॉन कारिको
वेस्टइंडीज के कप्तान रोवमैन पावेल ने पीएनजी के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज आज टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत करने जा रही है। पहले मैच में उसका सामना पापुआ न्यू गिनी से है। ये मैच गयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में खेला जाएगा जहां वेस्टइंडीज जीत चाहेगी तो पीएनजी की टीम बड़ा उलटफेर करने की कोशिश में होगी।
