IPL 2026: किसने खेली थी आईपीएल की पहली बॉल और किसके हिस्से आया था फर्स्ट विकेट?
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की शुरुआत 2008 से हुई थी और अब ये लीग काफी बड़ी हो चुकी है। हर ...और पढ़ें

साल 2008 में खेला गया था आईपीएल का पहला सीजन

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का 19वां सीजन शनिवार से शुरू हो रहा है। साल 2008 में भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने जो पौधा रोपा था वो बहुत बड़ा हो गया है और पूरी दुनिया को अपने अंदर समेटे हुए है। हर साल फैंस को इस लीग का इंतजार रहता है। इसमें जमकर रन बनते हैं और मनोरंजन होता है। लेकिन क्या आपको याद है कि इस लीग का पहली गेंद किस बल्लेबाज ने खेली थी और पहला विकेट किसने लिया था?
बहुत ही कम लोग होंगे जिन्हें ये याद होगा, लेकिन हम आपको बताने जा रहे हैं उस बल्लेबाज का नाम जिसने इस लीग की पहली गेंद खेली थी और उस गेंदबाज का नाम जिसने पहला विकेट लिया था।
भारत के पूर्व कप्तान ने खेली थी पहली गेंद
आईपीएल का पहला मैच कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के बीच बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया था। 18 अप्रैल को खेले गए मैच में आरसीबी के कप्तान राहुल द्रविड़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। उसे ये फैसला उल्टा साबित पड़ा था। क्योंकि कोलकाता ने पहले ही मैच में तीन विकेट खोकर 222 रन बना दिए थे।
मैच का पहला ओवर फेंका था प्रवीण कुमार ने। इस लीग की पहली गेंद प्रवीण ने भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को फेंकी थी। उन्होंने ही लीग की पहली गेंद खेली थी। गेंद उनके पैड पर लगी थी और लेग बाय से एक रन मिला था। गांगुली 12 गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट हो गए थे।
इस गेंदबाज के हिस्से आया था पहला विकेट
आईपीएल की पहली गेंद खेलने वाले गांगुली ही आईपीएल के पहले विकेट के तौर पर आउट हुए थे और उन्हें आउट किया था भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान ने। जहीर ने गांगुली को छठे ओवर की दूसरी गेंद पर जैक्स कैलिस के हाथों कैच कराया था। यानी जहीर के नाम आईपीएल की पहला विकेट है।
वैसे ये मैच ब्रेंडन मैक्कलम की तूफानी पारी के लिए याद किया जाता है। उनके नाम आईपीएल का पहला शतक भी है जो उन्होंने इसी मैच में बनाया था। मैक्कलम ने इस मैच में 73 गेंदों पर 10 चौके और 13 छक्कों की मदद से नाबाद 158 रन बनाए थे। उनकी पारी के दम पर ही कोलकाता ने विशाल स्कोर खड़ा किया था जिसके सामने आरसीबी महज 82 रनों पर ढेर हो गई थी। कोलकाता ने ये मैच 140 रनों के अंतर से जीत लिया था।
