क्रिकेट के बाद अब रियलिटी शो में Virender Sehwag का डेब्यू, 'राइज एंड फॉल सीजन 2' को करेंगे होस्ट
वीरेंद्र सहवाग नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। विस्फोटक सलामी बल्लेबाज रियलिटी शो की दुनिया में कदम रख रहे हैं।

वीरेंद्र सहवाग

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। दिग्गज भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। विस्फोटक सलामी बल्लेबाज रियलिटी शो की दुनिया में कदम रख रहे हैं। भारत के पूर्व ओपनर 'राइज एंड फॉल सीजन 2' रियलिटी शो के होस्ट के तौर पर स्ट्रीमिंग की दुनिया में कदम रखेंगे।
पहली झलक सामने आई
शो के मेकर्स ने गुरुवार को आने वाले सीजन की पहली झलक दिखाई। इसमें दर्शकों को सहवाग का नया अंदाज देखने को मिला। अपनी बेबाक बातचीत और निडर क्रिकेट खेलने के अंदाज के लिए मशहूर सहवाग, अब इस गेम में भी वही बेबाक अंदाज और ऊर्जा लेकर आ रहे हैं।
क्या है शो का फॉर्मेट
'राइज एंड फॉल' शो 15 सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट के इर्द-गिर्द घूमता है। इन्हें दो ग्रुप में बांटा गया है। 'रूलर्स' (शासक) और 'वर्कर्स' (काम करने वाले)। जहां 'रूलर्स' पेंटहाउस की शानदार सुविधाओं के बीच रहते हैं, वहीं 'वर्कर्स' बेसमेंट में रहते हैं।
जैसे-जैसे गेम आगे बढ़ता है, कंटेस्टेंट इन दोनों दुनियाओं के बीच आ-जा सकते हैं। उनकी जगह का फैसला उनके फैसलों, गठजोड़ और रणनीति से होता है। गेमप्ले में पैसा और प्रभाव अहम भूमिका निभाते हैं, जिससे पावर का क्रम कभी भी स्थायी नहीं रहता।
सहवाग की भूमिका
होस्ट के तौर पर सहवाग की भूमिका दूसरे सीजन में एक दिलचस्प मोड़ लाती है। क्रिकेट के मैदान पर सालों तक गेंदबाजों, कंडीशन और विरोधियों को समझने के बाद, अब वह कंटेस्टेंट्स को धोखे, गठबंधन, दुश्मनी और रणनीतिक चालों से निपटते हुए देखेंगे।
क्या बोले सहवाग
शो के बारे में बात करते हुए सहवाग ने कहा कि क्रिकेट ने उन्हें सिखाया है कि "आखिरी गेंद तक कोई मैच जीता नहीं जाता", और 'राइज एंड फॉल' में भी कुछ ऐसा ही अनिश्चितता वाला माहौल देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि वह खास तौर पर यह देखने के लिए उत्सुक हैं कि कंटेस्टेंट कैसे रिस्क लेते हैं, गठबंधन बनाते हैं और यह तय करते हैं कि कब हमला करना है और कब पीछे हटना है।
करियर पर एक नजर
सहवाग ने अपने करियर में 104 टेस्ट, 251 वनडे और 19 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले। टेस्ट की 180 पारियों में उन्होंने 8586 रन बनाए। सबसे बडे प्रारूप में सहवाग ने 32 अर्धशतक और 23 शतक लगाए। एकदिवसीय की 245 पारियों में भारतीय सलामी बललेबाज ने 8273 रन बनाए। वहीं टी20I में उनके नाम 394 रन हैं।
