विराट कोहली के फैन्स ने म्यूजियम में तोड़ा उनकी वैक्स स्टैचू का कान
विराट की उपलब्धियों को देखते हुए बुधवार को ही दिल्ली के मैडम तुसाद म्यूजियम में उनके मोम के पुतले का अनावरण किया गया था।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली के मैडम तुसाद म्यूजियम में विराट के फैंस ने विराट के मोम की प्रतिमा के कान तोड़ दिए। विराट की उपलब्धियों को देखते हुए बुधवार को ही दिल्ली के मैडम तुसाद म्यूजियम में उनके मोम के पुतले का अनावरण किया गया था। इसके अगले ही दिन म्यूजियम में विराट की झलक देखने के लिए उनके फैंस की होड़ मच गई।
इस भीड़ में आए विराट के फैंस इस पुतले के साथ सेल्फी लेना चाहते थे। फैंस की विराट के इस पुतले के साथ सेल्फी लेने की चाहत में धक्का-मुक्की हो गई जिसके चलते विराट के किसी फैन की लापरवाही से विराट के पुतले का दायां कान टूट गया।
Wax statue of Indian cricket team captain #ViratKohli to be unveiled shortly at Madame Tussauds, #Delhi. pic.twitter.com/kfxeM0Zpvo — ANI (@ANI) June 6, 2018
आपको बता दें कि मैडम तुसाद म्यूजियम में आने वाले फैंस को यहां पर लगे सेलिब्रिटीज के पुतलों को छूने और साथ में फोटो लेने की इजाजत है इसलिए हर कोई आसानी से यहां सेलिब्रिटीज के पुतलों के साथ सेल्फी लेने का प्रयास करता है। यह इस म्यूजियम की खास नीति है ताकि आगंतुक अपने आपको इन सेलिब्रिटीज के बीच वास्तविक रूप से मौजूद होने का अहसास कर सके। शायद ये दिल्ली के तुसाद म्यूजियम में यह पहला अवसर है, जब यहां ऐसी घटना हुई हो।
हालांकि विराट कोहली के इस पुतले के अनावरण के बाद यहां आम दिनों से कुछ ज्यादा ही भीड़ बढ़ गयी। जिसके चलते म्यूजियम में अफरा-तफरी मच गयी और किसी फैन की लापरवाही के चलते विराट के पुतले का दायां कान टूट गया। इसके तुरंत बाद ही इस म्यूजियम के मैनेजमेंट ने तेजी दिखाते हुए विराट के पुतले के टूटे कान को जल्दी से ठीक करवा दिया।