विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 05, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जानिए, विराट कोहली को काउंटी क्रिकेट खेलने के लिए मिलेगा कितना पैसा, हो जाएंगे हैरान

By Pradeep SehgalEdited By:
Published: Sat, 05 May 2018 12:42 PM (IST)Updated: Sat, 05 May 2018 01:03 PM (IST)

कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले टेस्ट मैच और आयरलैंड के खिलाफ खेले जाने वाले दो टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में नहीं खेलेंगे।

जानिए, विराट कोहली को काउंटी क्रिकेट खेलने के लिए मिलेगा कितना पैसा, हो जाएंगे हैरान
जानिए, विराट कोहली को काउंटी क्रिकेट खेलने के लिए मिलेगा कितना पैसा, हो जाएंगे हैरान

नई दिल्ली, पीटीआइ। दुनिया में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले क्रिकेटरों में शामिल विराट कोहली को इंग्लैंड की काउंटी टीम सरे से खेलने के लिए मामूली रकम मिलेगी। कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले टेस्ट मैच और आयरलैंड के खिलाफ खेले जाने वाले दो टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में नहीं खेलेंगे, क्योंकि बीसीसीआइ चाहता है कि इंग्लैंड दौरे से पहले भारतीय कप्तान और शीर्ष खिलाड़ियों को वहां के हालात में अभ्यास का मौका मिले।

सरे के साथ इस करार पर इसी सप्ताह सहमति बनी। बीसीसीआइ के एक अधिकारी ने नाम नहीं बताने की शर्त पर कहा, ‘आम धारणा यह है कि कोहली के लिए सरे को बड़ी रकम खर्च करनी पड़ी होगी, लेकिन सच्चाई इसके ठीक उलट है। मैं साफ करना चाहूंगा कि सरे के साथ एक महीने के प्रवास के लिए कोहली को सिर्फ हवाई यात्रा और रहने के खर्च के अलावा मामूली मैच फीस मिलेगी। बोर्ड और कोहली खुद ऐसा करना चाहते थे, इसलिए पैसे का महत्व ज्यादा नहीं था। मैं रकम के बारे में नहीं बता सकता, लेकिन काफी कम रकम है और उतनी ही है जो किसी भी काउंटी खिलाड़ी को मिलती है। मैं यह कहना चाहूंगा की यह कोहली और सरे दोनों के लिए अनुकूल स्थिति है।

इससे पहले सरे काउंटी क्रिकेट क्लब ने अपनी वेबसाइट पर कोहली और सरे के करार की आधिकारिक घोषणा की थी। अपनी वेबसाइट पर सरे की तरफ से लिखा गया था कि भारतीय कप्तान विराट कोहली के जून के महीने के लिए करार करने की घोषणा करने को लेकर सरे काउंटी क्रिकेट क्लब को खुशी हो रही है।

सरे के निदेशक स्टीवर्ट ने कहा, 'विश्व क्रिकेट के सबसे बड़े नाम के साथ करार करने को लेकर हम रोमांचित हैं। विराट के साथ खेलने और अभ्यास करने से हमारे खिलाड़ियों को काफी फायदा होगा, जिन्हें उनसे बहुत कुछ सीखने का मौका मिलेगा। एक ऐसा समय जब काउंटी क्रिकेट के भविष्य को लेकर कई बातें हो रही हैं, ऐसे में विराट के आने से हमारे घरेलू क्रिकेट को काफी बढ़ावा मिलेगा।'

कोहली जून में तीन काउंटी मैच खेलेंगे, ऐसे में वह 14 से 18 जून के दौरान बेंगलुरु में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले ऐतिहासिक टेस्ट मैच का हिस्सा नहीं होंगे। प्रशासकों की समिति के प्रमुख विनोद राय पहले ही कह चुके हैं कि कोहली को अगस्त में होने वाली टेस्ट सीरीज की तैयारी करने के लिए काउंटी खेलने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

पिछली बार इंग्लैंड दौरे पर कोहली का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था और इस बार वह इसकी भरपाई करना चाहते हैं। इंग्लैंड में रन बनाने से उनका आधुनिक दौर के महान क्रिकेटरों का दर्जा पक्का हो जाएगा, क्योंकि वह सभी टेस्ट खेलने वाले देशों में रन जुटा लेंगे। वह ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका में कई टेस्ट शतक जड़ चुके हैं। इसके अलावा वह न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज में भी तिहरे आंकड़े तक पहुंच चुके हैं।

सरे की वेबसाइट के मुताबिक, 'कोहली पूरे महीने क्रिकेट खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे, जिसमें सरे के स्कारबोरो दौरे पर यार्कशर के खिलाफ मैच अंतिम होगा।' कोहली नौ से 12 जून तक साउथैंप्टन में रोज बाउल में हैंपशर के खिलाफ काउंटी पदार्पण करेंगे।

IPL की खबरों के लिए यहां क्लिक करें 

अगर यह मैच 12 जून को खत्म होता है तो वह अगले दिन 13 जून को ही बेंगलुरु पहुंच सकते हैं, जिससे वह अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट शुरू होने से एक दिन पहले पहुंच सकते हैं। इसका मतलब है कि वह दो महाद्वीप की यात्रा में एक दिन बिताने के साथ नौ दिन तक लगातार क्रिकेट खेलेंगे। दूसरा मैच गिल्डफोर्ड में 20 से 23 जून तक समरसेट के खिलाफ होगा, जबकि अंतिम मैच स्कारबोरो में 25 से 28 जून तक यॉर्कशर के खिलाफ होगा। वहां चेतेश्वर पुजारा उनके खिलाफ विरोधी टीम में शामिल होंगे।

आइपीएल का पूरा शेड्यूल देखने के लिए यहां क्लिक करें

कोहली इस साल काउंटी क्रिकेट में खेलने वाले चौथे भारतीय टेस्ट खिलाड़ी बन जाएंगे। साथी बल्लेबाज पुजारा इस समय यॉर्कशर के लिए, तेज गेंदबाज इशांत शर्मा ससेक्स और वरुण एरोन लिसेस्टरशर के खिलाफ खेल रहे हैं। अक्षर पटेल को अगस्त में डरहम के लिए खेलना है।

क्रिकेट की खबरों के लिए यहां क्लिक करें

अन्य खेलों की खबरों के लिए यहां क्लिक करें