On This Day: 12 रन से 26,000 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रनों तक! आज ही के दिन से शुरू हुई थी विराट कोहली के 'किंग' बनने की कहानी
Virat kohli 1st ODI Match: आज ही के दिन श्रीलंका के खिलाफ विराट कोहली ने अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेला था और फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। दुनिया के महानतम बल्लेबाजों में अपना नाम लिखवा चुके भारत के विराट कोहली का इंटरनेशनल करियर आज ही के दिन से शुरू हुआ था। कोहली ने 18 अगस्त 2008 को श्रीलंका के खिलाफ वनडे के तौर पर अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेला था। तब किसी को नहीं पता था कि ये बल्लेबाज एक दिन रिकॉर्डबुक को नए सिर से लिखेगा।
विराट अब टेस्ट और टी20 से संन्यास ले चुके हैं। वह सिर्फ वनडे खेलते हैं। कोहली वनडे में नंबर-3 पर खेलते हैं, लेकिन उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बतौर ओपनर की थी।
नहीं रहे थे सफल
श्रीलंका के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज का पहला मैच डाम्बुला में खेला गया था। इस मैच में टीम के नियमित ओपनर वरींद्र सहवाग और सचिन तेंदुलकर दोनों नहीं थे। ऐसे में मौजूदा समय में टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर को टीम में शामिल किया गया और उनके साथ कोहली की ओपनिंग जोड़ी बनाई गई। हालांकि, कोहली कुछ खास कमाल नहीं कर सके और महज 12 रन बनाकर नुवान कुलासेकरा का शिकार हो गए।
लेकिन कोहली ने जो सफर शुरू किया था वो लगातार आगे बढ़ता गया और आज कोहली के नाम तीनों फॉर्मेट में मिलाकर 26,000 से ज्यादा रन हैं। कोहली ने भारत के लिए 123 टेस्ट मैच खेले हैं और 46.85 की औसत से 9230 रन बनाए हैं। 125 टी20 मैचों में उनके बल्ले से 4188 रन निकले हैं। वनडे में अभी तक वह भारत के लिए 314 मैच खेल चुके हैं और 58.59 की औसत से 14941 रन बनाए हैं।
ऐसा रहा था मैच
जहां तक कोहली के डेब्यू मैच की बात है तो इसमें भारत को बुरी तरह से हार का सामना करना पड़ा था। टीम इंडिया अजंता मेंडिस की फिरकी के सामने 146 रनों पर ही ढेर हो गई थी। श्रीलंका ने ये टारगेट दो विकेट खोकर 34.5 ओवरों हासिल कर लिया था।
