एकदम मालिक की तरह व्यवहार कर रहे हैं राहुल द्रविड़, डबलिन फ्रेंचाइजी के कोच ने खोला द वॉल का राज
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कोच और कप्तान राहुल द्रविड़ ईटीपीएल की फ्रेंचाइजी डबलिन के मालिक हैं और वह एक दम मालिक की तरह की व्यवहार कर रहे हैं।

राहुल द्रविड़ हैं ईटीपीएल टीम के मालिक

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। यूरोप में क्रिकेट को बढ़ावा देने के मकसद से यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग की शुरुआत की गई। इस लीग में क्रिकेट की दुनिया के कई बड़े नाम बतौर खिलाड़ी और मालिक जुड़े हैं। उनमें से ही एक हैं राहुल द्रविड़। भारत के पूर्व कोच और कप्तान डबलिन गार्जियंस के मालिक हैं। इस टीम के कोच की भूमिका में हैं विक्रम राठौर जो भारत के पूर्व बल्लेबाजी कोच हैं। राठौर ने द्रविड़ को लेकर बड़ा खुलासा किया है।
राठौर और द्रविड़ ने साथ में टीम इंडिया के सपोर्ट स्टाफ में काम किया है। अब ये दोनों कोच और मालिक का भूमिका में हैं। इस टीम की कप्तानी रविचंद्रन अश्विन कर रहे हैं। हालांकि, टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। अभी तक खेले छह मैचों में से टीम को सिर्फ एक जीत मिली है। इसके बाद भी द्रविड़ के अंदर का क्रिकेटर और कोच बाहर निकला है। वह मालिक ही बने हुए हैं।
'राहुल मालिक हैं'
हिन्दुस्तान टाइम्स ने विक्रम राठौर के हवाले से लिखा है कि राहुल एक मालिक की तरह ही व्यवहार कर रहे हैं और वह टीम के मामले में ज्यादा दखल नहीं देते हैं। उन्होंने कहा, "राहुल एक मालिक की तरह व्यवहार कर रहे हैं। वह ज्यादा दखल नहीं दे रहे हैं। ये अच्छा है, लेकिन उन जैसे शख्स का होना शानदार है क्योंकि उन्होंने कोच के तौर पर काफी समय बिताया है। इसलिए वह जानते हैं कि टीम कैसे चलती हैं और परिणाम कैसे आता है। टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में वह काफी सहायक हैं, जहां हमने अभी तक ज्यादा कुछ नहीं जीता है। वह अभी तक शानदार रहे हैं जो आप राहुल जैसे शख्स से उम्मीद करते हैं।"
अश्विन ने काम किया आसान
वहीं राठौर ने कहा कि अश्विन जैसे खिलाड़ी के टीम में होने से बतौर कोच उनका काम आसान हो गया है। उन्होंने कहा, "जहां तक अश्विन की बात है उनके पास अच्छी खासी क्रिकेट और क्रिकेटरों की जानकारी है। वह क्रिकेट फैनेटिक हैं। वह काफी क्रिकेट देखते हैं और उनके पास पूरे विश्व के खिलाड़ियों की काफी जानकारी है। ये शानदार होता है।"
