विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

RR vs RCB Preview: वैभव सूर्यवंशी फिर एक्‍शन में, जीत की हैट्रिक लगाने उतरेगी बेंगलुरु; राजस्‍थान से आज होगा मुकाबला

Published: Fri, 10 Apr 2026 07:00 AM (GMT+05:30)

यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी से मिल रही आक्रामक शुरुआत के साथ राजस्थान रॉयल्स शुक्रवार को गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स ...और पढ़ें

जीत पर दोनों कप्‍तानों की नजर।

जीत पर दोनों कप्‍तानों की नजर।

HighLights

  1. गुवाहाटी में खेला जाएगा मुकाबला

  2. चौथी जीत पर राजस्‍थान की नजर

  3. विराट कोहली फिर एक्‍शन में होंगे

गुवाहाटी, पीटीआई। यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी से मिल रही आक्रामक शुरुआत के साथ राजस्थान रॉयल्स शुक्रवार को गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के विरुद्ध आईपीएल के मैच में अपना दबदबा कायम रखना चाहेगी जबकि आरसीबी की उम्मीदें फार्म में चल रहे देवदत्त पडिक्कल पर टिकी होंगी।

दो साल पहले टी-20 क्रिकेट से विदा लेने के बावजूद आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के प्रदर्शन में कमी नहीं आई है। उनके मार्गदर्शन में आरसीबी ने संतुलित शीर्षक्रम तैयार कर लिया है और पिछले मैच में फिल साल्ट ने भी उम्दा पारी खेली थी।

तीसरे नंबर पर उतर रहे पडिक्कल ने घरेलू क्रिकेट का अपना फॉर्म कायम रखते हुए संतुलित आक्रामकता के साथ बल्लेबाजी की है। आईपीएल में अपने पदार्पण सत्र में आरसीबी के लिए 473 रन बनाने वाले पडिक्कल बाद में राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ उस सफलता को दोहरा नहीं सके थे।

पिछले सत्र में वह आरसीबी में लौटे और पहली बार उसे आईपीएल खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस सत्र में भी उन्होंने पहले चेन्नई सुपर किंग्स के विरुद्ध 29 गेंद में 50 और सनराइजर्स हैदराबाद के विरुद्ध 26 गेंद में 61 रन बनाए। कप्तान रजत पाटीदार और ऑस्ट्रेलिया के टिम डेविड मध्यक्रम को मजबूती देते हैं। आरसीबी के गेंदबाजों ने भी इस सत्र में प्रभावित किया है। जैकब डफी ने जोश हेजलवुड की कमी पूरी की है तो बीच के ओवरों में क्रुणाल पांड्या और सुयश शर्मा ने रन रोके हैं।

जायसवाल और सूर्यवंशी का फिर चलेगा बल्ला

रॉयल्स इस सत्र में सबसे आक्रामक बल्लेबाजी ईकाई के रूप में सामने आई है जिसका श्रेय जायसवाल और सूर्यवंशी को जाता है। दोनों ने टीम को शानदार शुरुआत देकर विरोधी गेंदबाजों को दबाव में ला दिया है। सूर्यवंशी ने पिछले मैच में जसप्रीत बुमराह को पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर अपने बेखौफ खेल का फिर परिचय दिया था। रायल्स के गेंदबाज भी रणनीति पर अमल करने में कामयाब रहे हैं।

राजस्थान रॉयल्स

रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरैल, डोनोवन फरेरा, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, रवि सिंह, अमन पेराला, शिमरोन हेटमायर, शुभम दुबे, वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जयसवाल, रवींद्र जड़ेजा, एडम मिल्ने, ब्रिजेश शर्मा, जोफ्रा आर्चर, कुलदीप सेन, क्वेना मफाका, नांद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई और संदीप शर्मा।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु

रजत पाटीदार (कप्तान), अभिनंदन सिंह, भुवनेश्वर कुमार, देवदत्त पडिक्कल, जितेश शर्मा, क्रुणाल पांड्या, रसिख डार, सुयश शर्मा, स्वप्निल सिंह, विराट कोहली, वेंकटेश अय्यर, मंगेश यादव, कनिष्क चौहान, विहान मल्होत्रा, विक्की ओस्तवाल, सात्विक देसवाल।

यह भी पढ़ें- विराट होता सूर्यवंशी का वैभव, जसप्रीत बुमराह को लगाए गए छक्कों से साबित की क्लास

यह भी पढ़ें- 'खेल बिंदास...', जायसवाल के बोल ने Vaibhav Suryavanshi में फूंकी जान, बुमराह को बेदम करके छा गया 'बिहार का लाल'