दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर केशव महाराज का यूपी से है खास कनेक्शन
केशव के पिता आत्मानंद महाराज ने बताया कि उनके पूर्वज साल 1874 में यूपी के सुल्तानपुर से दक्षिण अफ्रीका के डरबन में बस गये थे
नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय क्रिकेट टीम इन दिनों दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर है। इन दिनों दक्षिण अफ्रीका में एक और भारतीय खिलाड़ी अपनी चमक बिखेर रहे हैं। केशव अब तक दक्षिण अफ्रीका के लिए 16 टेस्ट मैच खेल चुके हैं, इन मैचों में उन्होंने 25 की औसत से 56 विकेट लिए। केशव दक्षिण अफ्रीका के लिए लगातार बढ़िया प्रदर्शन करते जा रहे हैं।
दक्षिण अफ्रीकी स्पिनर केशव के पूर्वज उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के रहने वाले हैं। उनके परिवार में चार सदस्य हैं वो, उनके माता-पिता और उनकी एक बहन जिसकी शादी श्रीलंका में हुई है।
एक इंटरव्यू में केशव के पिता आत्मानंद महाराज ने बताया कि उनके पूर्वज साल 1874 में यूपी के सुल्तानपुर से दक्षिण अफ्रीका के डरबन में बस गये थे। यह उस समय की बात है जब भारतीय लोग काम की तलाश में और अपनी जीवन शैली को बेहतर बनाने के लिये काम की तलाश में दक्षिण अफ्रीका की ओर रुख कर रहे थे। केशव के पिता आत्मानंद ने बताया कि उस समय दक्षिण अफ्रीका में बहुत से अवसर थे, जो कि कृषि क्षेत्र के अनुभव और रोजगार के लिए मददगार थे।
उन्होंने बताया कि, द. अफ्रीका को अच्छे अनुभवी क्षमता वाले कामगारों की आवश्यकता थी। इन कामों में भारतीय सबसे ज्यादा अनुभवी थे। भारतीय मेहनती होने के साथ-साथ कृषि के सबसे ज्यादा अनुभव रखते थे।
केशव के पिता बताते हैं कि वो अपने परिवार की पांचवी या छठी पीढ़ी हैं। महाराज उपनाम उनके पूर्वजों का था जिसे वो अब भी रखते हैं। उन्होने बताया कि वो जानते हैं भारत में नाम का क्या महत्व है।