Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    T20 World Cup: 8 वर्ल्ड कप, 18 साल... युवराज सिंह का ये कारनामा है बेमिसाल, अभी तक नहीं टूटा ये रिकॉर्ड

    Updated: Mon, 20 May 2024 05:00 AM (IST)

    2007 में खेले गए इस वैश्विक टूर्नामेंट में वैसे तो सभी खिलाडि़यों ने अपना योगदान दिया था लेकिन युवराज सिंह के एक ओवर में छह छक्कों को भला कौन भूल सकता है जिसके कारण उन्होंने केवल 12 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था। इसके बाद अब तक आठ टी-20 विश्व कप हो चुके हैं लेकिन यह रिकार्ड नहीं टूटा है।

    Hero Image
    य़ुवराज सिंह भारत के महान ऑलराउंडरों में गिने जाते हैं। (PC- Social Media)

     राजा, जागरण, नई दिल्ली: टी20 विश्व कप में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का रिकार्ड युवराज सिंह के नाम है, जिन्होंने केवल 12 गेंदों में अर्धशतक जड़कर इतिहास रच दिया था। युवराज ने अपनी इसी पारी में छह गेंद पर छह छक्के जड़े थे। 2007 का टी-20 विश्व कप कई मायनों में भारतीय टीम के लिए खास है। यह एक मात्र विश्व कप है जिसे भारतीय टीम ने जीता है। यह इसलिए भी विशेष है क्योंकि महेंद्र सिंह धौनी के नेतृत्व में युवा भारतीय टीम ने फाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराकर विश्व का खिताब अपने नाम किया था।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इस वैश्विक टूर्नामेंट में वैसे तो सभी खिलाडि़यों ने अपना योगदान दिया था, लेकिन युवराज सिंह के एक ओवर में छह छक्कों को भला कौन भूल सकता है, जिसके कारण उन्होंने केवल 12 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था। इसके बाद अब तक आठ टी-20 विश्व कप हो चुके हैं, लेकिन यह रिकार्ड नहीं टूटा है।

    ये भी पढ़ें- IPL 2024: अभी तक चुप क्यों हैं विराट कोहली, RCB जीतकर भी कटघरे में, ऐसा तो नहीं होना था

    धोनी के साथ युवराज थे मैदान पर

    19 सितंबर 2007 को इंग्लैंड के विरुद्ध हुए उस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत का स्कोर जब 155 रन था तब रॉबिन उथप्पा के रूप में टीम को तीसरा झटका लगा। इसके बाद युवराज सिंह मैदान पर आए। वहीं,धोनी पहले से ही मैदान पर मौजूद थे। उस दिन युवराज अलग ही मिजाज में लग रहे थे। उन्होंने पहली गेंद डॉट खेलकर पिच की स्थिति को जांचा फिर अपनी दूसरी बॉल को कवर्स के ऊपर से चौका लगाया। अगले ओवर में युवराज ने एंड्रयू फ्लिंटॉफ को दो चौके जड़े तो इंग्लिश आलराउंडर चिढ़ गए और ओवर के बाद युवी से बहस करने लगे।

    चारों दिशाओं में युवी ने जड़े छक्के

    फ्लिंटॉफ का गुस्सा युवराज ने स्टुअर्ट ब्रॉड पर निकाला, जब उनकी पहली गेंद पर मिडविकेट पर छक्का लगाया। अगली गेंद को स्क्वायर लेग के ऊपर से फ्लिक किया। ब्रॉड की तीसरी गेंद ऑफ-साइड पर थी, युवराज ने एक और छक्का जड़ दिया। चौथी गेंद कमर तक फुल टॉस थी, जिसे उन्होंने आसानी से बाउंड्री पार भेजा। ब्रॉड की पांचवीं गेंद पर भी नतीजा नहीं बदला। पूरे भारत की नजरें छठी गेंद पर थी कि क्या युवराज इसे भी सीमा पार भेज पाएंगे और युवराज ने इस गेंद पर भी छक्का लगा अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज कर लिया।

    इसके साथ ही युवराज ने 12 गेंदों में टी-20 विश्व कप का सबसे तेज अर्धशतक ठोक दिया। उन्होंने 16 गेंदों में तीन चौके और सात छक्कों की मदद से अविजित 58 रनों की यादगार पारी खेली थी। भारत ने यह मैच इंग्लैंड को 18 रन से हराया था।

    ये भी पढ़ें- SRH vs PBKS: Abhishek Sharma बने आईपीएल के नए 'सिक्सर किंग', 6 छक्के जड़कर Kohli समेत इन भारतीय प्लेयर्स को पछाड़ा