ऑस्ट्रेलियाई टीम के पूर्व कप्तान ने विराट कोहली को बताया आधुनिक युग का हीरो
ऑस्ट्रेलियाई टीम के महान खिलाड़ियों में शुमार स्टीव वॉ ने भारत और भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली की तारीफ की है। वॉ ने कोहली को आधुनिक युग का हीरो करार दिया है। वॉ ने अपनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म रिलीज की है।
मुंबई, पीटीआइ। ऑस्ट्रेलियाई टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज स्टीव वॉ ने भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली को लेकर एक बड़ा दावा किया है। स्टीव वॉ का मानना है कि विराट कोहली आधुनिक युग के हीरो की तरह हैं जो भारत के नए रवैये का प्रतिनिधित्व करते हैं और कुछ भी असंभव नहीं होने की मानसिकता के साथ सभी चीजों का सामना करने को तैयार हैं।
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ ने 'कैप्चरिंग क्रिकेट : स्टीव वॉ इन इंडिया' शीर्षक वाली 60 मिनट की डॉक्यूमेंट्री में कहा कि विरोधी से नहीं डरने के रवैये के लिए प्रशंसक कोहली को पसंद करते हैं। डॉक्यूमेंट्री के विमोचन के बाद यहां जारी मीडिया रिलीज में वॉ के हवाले से कहा गया कि वे कोहली के बारे में यह पसंद करते हैं कि यह भारत के नए रवैये की तरह है, डटे रहिए, किसी से भी नहीं डरिए। सभी चीजों का सामना करिए और कुछ भी हासिल किया जा सकता है और संभव है। वह आधुनिक हीरो की तरह हैं।
वॉ ने कहा कि वह हमेशा इस बात से मोहित रहते हैं कि कैसे भारत के लोग क्रिकेट का जश्न मनाते हैं। उन्होंने कहा कि क्रिकेट को कैमरे में कैद करना मेरे दिल के काफी करीब है क्योंकि इसमें मेरे दो जुनून आते हैं, क्रिकेट और फोटोग्राफी। 1986 में मेरे पहले भारत दौरे के बाद से मैं हमेशा मोहित रहता था कि कैसे स्थानीय लोग क्रिकेट के खेल का जश्न मनाते हैं।
बता दें कि स्टीव वॉ भारत को हमेशा पसंद करते हैं। बतौर क्रिकेटर भी वे यहां खेले हैं और फिर कमेंट्री के क्षेत्र में आने के बाद से उनका लगाव भारत से अधिक हो गया है। इसी को उनकी डॉक्यूमेंट्री फिल्म में दिखाया गया है। सिर्फ स्टीव वॉ ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई और क्रिकेटर भी भारत को पसंद करते हैं, जिनमें केविन पीटरसन का नाम भी शामिल है।