जब मैदान पर उतरे सचिन और दो घंटे तक बने रहे कोच
मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच होने वाले आइपीएल के पहले मुकाबले से पूर्व मुंबई की टीम को कुछ शानदार टिप्स और फॉर्मूले मिले हैं। ये टिप्स और फॉर्मूले इसलिए इतनी अहमियत रखते हैं क्योंकि उन्हें देने वाला और कोई नहीं बल्कि महान सचिन तेंदुलकर थे।
कोलकाता। मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच होने वाले आइपीएल के पहले मुकाबले से पूर्व मुंबई की टीम को कुछ शानदार टिप्स और फॉर्मूले मिले हैं। ये टिप्स और फॉर्मूले इसलिए इतनी अहमियत रखते हैं क्योंकि उन्हें देने वाला और कोई नहीं बल्कि महान सचिन तेंदुलकर थे। इडेन गार्डन में मुंबई के खिलाड़ी अपनी तब बेहद उत्सुक हो गए जब मैदान पर सचिन खुद पहुंचे और दो घंटों तक एक कोच की भूमिका निभाते नजर आए।
मुंबई इंडियंस की जर्सी और शॉर्ट्स पहनकर सचिन इडेन गार्डन मैदान पर पहुंचे और सीधे मुंबई इंडियंस के अभ्यास सत्र से जाकर जुड़ गए। इसके बाद तकरीबन दो घंटों तक चले इस पूरे अभ्यास सत्र में सचिन मौजूद रहे और मुंबई के सभी 26 खिलाड़ियों को टिप्स देते नजर आए। रोहित शर्मा ने कहा कि इसमें चौंकाने वाला कुछ नहीं है क्योंकि सचिन शुरुआत से ही मुंबई इंडियंस से जुड़े रहे हैं और जब हमें उनकी जरूरत होगी वो मदद के लिए मौजूद रहेंगे।
- कुछ देर बाद दिखा एक और खास नजारा:
इस मैदान पर नजारा तब और खास हो गया जब रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम भी मैदान पर अभ्यास करने पहुंच गई, हालांकि वो पहले मैच का हिस्सा नहीं हैं, उन्हें 11 अप्रैल को इसी मैदान पर केकेआर के खिलाफ मैच खेलना है। बैंगलोर की टीम जैसे ही यहां पहुंची टीम इंडिया के नए सचिन माने जाने वाले विराट कोहली सीधे जाकर सचिन तेंदुलकर से मिले और दोनों दिग्गजों के बीच काफी देर तक बातचीत होती रही। वहां मौजूद सभी कैमरामैन दोनों दिग्गजों को अपने कैमरे में कैद करने को बेताब दिखे।