रोहित शर्मा ने किया आरे कॉलोनी के पेड़ों की कटाई का विरोध, ऐसे बयां किया दर्द
भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने मुंबई की आरे कॉलोनी में हुई पेड़ों की कटाई का विरोध किया है।
नई दिल्ली, आइएएनएस। भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा इस समय साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली जा रही तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का हिस्सा हैं। इस सीरीज के पहले मैच में रोहित शर्मा ने दोनों पारियों में बतौर ओपनर शतक जड़ा है। वहीं, दूसरे मैच के लिए पुणे पहुंचने के बाद रोहित शर्मा ने मंगलवार को एक ट्वीट कर मुंबई की आरे कॉलोनी में विकास के नाम पर हो रही पेड़ों की कटाई का विरोध किया है।
रोहित शर्मा ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा है, "इस खबर में भले ही कुछ ज्यादा क्यों न हो, लेकिन पेड़ों की कटाई काफी बुरी बात है। मुंबई का यह हिस्सा हराभरा रहता है और यहां के तापमान में भी हल्की सी गिरावट रहती है, इसका कारण आरे कॉलोनी है। हम कैसे इसे छीन सकते हैं। साथ ही हजारों जानवरों के बारे में मत भूलिए, जिनके पास अब रहने को जगह नहीं होगी।"
Even if there is more to the story, nothing is worth cutting down something so vital. Part of Mumbai being slightly greener & slight difference in the temperature is mainly because of #AareyColony. How can we take that away, not to mention thousands of animals will displace. — Rohit Sharma (@ImRo45) 8 October 2019
हाई कोर्ट ने दी थी इजाजत
आपको बता दें, बांबे हाई कोर्ट ने चार अक्टूबर को महाराष्ट्र सरकार को पेड़ों को काटने की इजाजत दे दी थी। इसके बाद राज्य सरकार ने मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए रातोंरात पेड़ों की कटाई शुरू की। देर रात आरे के सैकड़ों पेड़ जमीन छू चुके थे। हालांकि, बाद में सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने आरे जंगल में हो रही पेड़ों की कटाई पर रोक लगा दी थी।
सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को दी है चेतावनी
सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार(महाराष्ट्र) को आदेश भी दे दिया था कि वह 21 अक्टूबर को होने वाली मामले की अगली सुनावई तक यथावत स्थिति बनाए रखे। शीर्ष अदालत ने हालांकि राज्य सरकार के उस बयान को दर्ज कर लिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अब आरे में पेड़ नहीं काटे जाएंगे। ऐसे में कह सकते हैं कि पेड़ों की कटाई बंद है, लेकिन अगले निर्णय के बाद क्या फैसला होगा ये भी देखने वाली बात होगी।