जानिए, क्यों भारतीय टीम के हिटमैन रोहित शर्मा ने कहा- ये दिन वापस नहीं आने वाले
भारतीय टीम के सीमित ओवरों के उपकप्तान रोहित शर्मा ने कहा है कि ये दिन कभी वापस नहीं आ रहे हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना वायरस महामारी के बाद कुछ देशों के क्रिकेटर कम से कम ट्रेनिंग पर लौट आए हैं, लेकिन भारतीय खिलाड़ी अभी भी घरों में रहने को मजबूर हैं। हालांकि, कुछ भारतीय क्रिकेटरों ने आउटडोर ट्रेनिंग जरूर शुरू कर दी है, लेकिन मुंबई और दिल्ली जैसे महानगरों में रहने वाले खिलाड़ी अभी भी घरों में कैद हैं और अपने परिवार के साथ समय बिता रहे हैं। ऐसे ही एक क्रिकेटर रोहित शर्मा हैं, जो घर से बाहर नहीं निकल सकते।
मुंबई में वानखेड़े स्टेडियम के काफी नजदीक रहने वाले रोहित शर्मा चाहकर भी स्टेडियम में कदम नहीं रख सकते, क्योंकि कोरोना वायरस और फिर निसर्ग तूफान ने मुंबई को काफी परेशान किया है। ऐसे में रोहित शर्मा अपनी फिटनेस को हासिल करते हुए अपनी बेटी समायरा और पत्नी रितिका सजदेह के साथ समय बिता रहे हैं। शनिवार को रोहित शर्मा एक वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया है, जिसमें वे समायरा के साथ खेल रहे हैं। इसके कैप्शन में हिटमैन रोहित शर्मा ने लिखा है कि ये दिन वापस नहीं आ रहे।
रोहित शर्मा की इस पोस्ट पर उनके फैंस के अलावा तमाम क्रिकेटरों ने भी कमेंट किए हैं। लॉकडाउन के कारण और इससे पहले से ही रोहित शर्मा घर में हैं, क्योंकि न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान उनको काफ इंजरी हुई थी, जिसके कारण वे भारत लौट आए थे और बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट एकेडमी में अपना इलाज करा रहे थे, लेकिन उसी दौरान कोरोना वायरस ने भारत में दस्तक दे दी और रोहित शर्मा को मुंबई स्थित अपने घर लौटना पड़ा। उसी के बाद से वे घर पर हैं और अपनी बेटी और पत्नी को खूब समय दे रहे हैं।
इसी को लेकर दाएं हाथ के तूफानी बल्लेबाज रोहित शर्मा का कहना है कि ये दिन काफी वापस नहीं आने वाले हैं, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर की जिंदगी काफी व्यस्त होती है। खिलाड़ी एक शहर से दूसरे शहर और एक देश से दूसरे देश जाते रहते हैं। इसलिए क्रिकेटर खेलने के दौरान अपने परिवार को कम समय दे पाते हैं। ऐसे में इतना लंबा समय मिलना सभी के लिए अच्छा रहा।