Rohit Sharma का कटक में गरजा बल्ला, चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से पहले भारतीय टीम के लिए अच्छी खबर
भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे वनडे में रोहित शर्मा पुराने अवतार में नजर आए। भारतीय कप्तान की फॉर्म में वापसी दूसरे वनडे ही नहीं चैंपियसं ट्रॉफी 2025 के लिहाज से ही बेहद अहम है। दूसरे वनडे में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और 304 रन बनाए। जवाब में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने शतक ठोक दिया।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच कटक में खेले जा रहे दूसरे वनडे में कप्तान रोहित शर्मा अपने पुराने अवतार में नजर आए। रोहित की फॉर्म में वापसी दूसरे वनडे ही नहीं चैंपियंंस ट्रॉफी 2025 के लिहाज से ही बेहद अहम है।
दूसरे वनडे में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 304 रन बनाए। 305 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की ओर से रोहित शर्मा ने धांसू शुरुआत की। इस मुकाबले में उन्होंने अपने वनडे करियर का 32वां शतक लगाया।
रोहित ने की तूफानी शुरुआत
पहले ओवर में रोहित ने 3 गेंदों का सामना किया और 1 रन बनाया। इसके बाद दूसरे ओवर में एक चौका और एक छक्का जड़ दिया। इसके साथ ही रोहित शर्मा वनडे में दूसरे सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने क्रिस गेल को पीछे छोड़ा।
तीसरे और 5वें ओवर में भी रोहित ने हवाई फायर कर फॉर्म में वापसी के संकेत दिए। रोहित यहीं नहीं रुके और लगातार बाउंड्री लगाते रहे। हिटमैन ने 30 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। रोहित यहीं नहीं रुके और उन्होंने 76 गेंदों पर शतक ठोक दिया। रोहित ने 90 गेंदों पर 119 रन की पारी खेली।
वनडे में सबसे ज्यादा छक्के
- 351: शाहिद अफरीदी
- 337: रोहित शर्मा
- 331: क्रिस गेल
- 270: सनथ जयसूर्या
- 229: एमएस धोनी
- 220: इयोन मोर्गन
रोहित का नहीं चल रहा था बल्ला
पिछले काफी समय से रोहित शर्मा खराब फॉर्म से जूझ रहे थे। ऑस्ट्रेलिया में खेली गई बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 में रोहित ने 3 मैच की 5 पारियों में 31 रन बनाए थे। खराब फॉर्म के कारण रोहित ने सिडनी में आखिरी टेस्ट मैच भी नहीं खेला था।
फॉर्म में वापसी के लिए रोहित ने रणजी ट्रॉफी खेलने का फैसला भी किया। जम्मू कश्मीर के खिलाफ वह मुंबई की ओर से खेलने उतरे। इस मुकबले की दोनों पारियों में रोहित 28 रन ही बना पाए थे। अब कटक में रोहित अच्छी लय में नजर आ रहे हैं। हालांकि, फ्लड लाइट्स बंद होने के कारण मुकाबले को रोका गया, इससे रोहित की लय टूटी। लाइट सही होने के बाद रोहित ने उसी लय को बरकरार रखा और इंग्लैंड के सभी गेंदबाजों की कुटाई की।
ये भी पढ़ें: IND vs ENG: रोहित शर्मा ने राहुल द्रविड़ को छोड़ा पीछे, क्रिस गेल से भी निकले आगे, कटक में हासिल किया बड़ा मुकाम
पहले वनडे में बनाए 2 रन
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मैच में रोहित शर्मा फेल रहे थे। नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में भारतीय कप्तान ने 7 गेंदों पर 2 रन की पारी खेली थी। हालांकि, भारतीय टीम ने इस मुकाबले को 4 विकेट से अपने नाम किया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।