मैच हारे लेकिन रोहित ने एक बार फिर बना डाले कुछ खास रिकॉर्ड
रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ब्रिस्बेन में दूसरे वनडे मुकाबले में शतक लगाकर इतिहास रच दिया। वे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया में लगातार दो वनडे शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय तथा दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बने।
नई दिल्ली। रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ब्रिस्बेन में दूसरे वनडे मुकाबले में भी शतक लगाकर इतिहास रच दिया। अपने इस लगातार दूसरे शतक के जरिए रोहित ने कई खास रिकॉर्ड व आंकड़े अपने नाम दर्ज करा लिए हैं। हालांकि एक बार फिर उनका शतक बेकार गया और ऑस्ट्रेलिया ने 7 विकेट से जीत दर्ज की। रोहित को 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया।
लगातार दूसरा शतक लगाया रोहित ने
रोहित ने पर्थ में 12 जनवरी को पहले वनडे में कई रिकॉर्ड तोड़ते हुए 171 रनों की नाबाद पारी खेली थी। उन्होंने उसी फॉर्म को बरकरार रखते हुए गाबा मैदान पर शतक बनाया। उन्होंने पारी के 37वें ओवर में जोएल पेरिस की गेंद पर एक रन लेते हुए शतक पूरा किया। यह उनका वनडे में 10वां और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांचवां शतक है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार दो वनडे शतक
रोहित इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया में लगातार दो वनडे शतक लगाने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बने। उनसे पहले यह कीर्तिमान इंग्लैंड के ग्रीम हिक और भारत के वीवीएल लक्ष्मण के नाम था।
गाबा पर किसी भी भारतीय द्वारा सबसे बड़ी पारी
इसके साथ ही रोहित शर्मा ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले ये रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था जिन्होंने मार्च 2008 में इस मैदान पर 91 रन की पारी खेली थी। रोहित ने आज 124 रन की पारी खेलकर इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया।