विराट कोहली के वीडियो संदेश पर आया टेनिस लीजेंड फेडरर का जवाब, संन्यास के बाद दी थी शुभकामनाएं
टेनिस स्टार रोजर फेडरर ने भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली को शुभकामना संदेश के लिए धन्यवाद किया है। कोहली ने उनके संन्यास के बाद एक वीडियो संदेश के माध्यम से उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी थी।
नई दिल्ली, एएनआई: भारत के स्टार बल्लेबाज और पूर्व कप्तान विराट कोहली ने गुरुवार को टेनिस स्टार रोजर फेडरर को एक वीडियो संदेश के माध्यम से शुभकामनाएं दी थी। अब फेडरर ने उनके वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें धन्यवाद किया है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी के माध्यम से विराट कोहली को धन्यवाद देते हुए लिखा कि वह जल्द ही भारत आएंगे।
एटीपी द्वारा पोस्ट किए गए एक आधिकारिक वीडियो संदेश में विराट कोहली ने कहा था "हैलो रोजर, यह मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है कि मैं आपको इस वीडियो संदेश के माध्यम से आपके अभूतपूर्व करियर के लिए बधाई दे रहा हूं, जिसने हमें इतने खूबसूरत पल और यादें दी हैं।
मुझे व्यक्तिगत रूप से 2018 में ऑस्ट्रेलियन ओपन में आपसे मिलने का मौका मिला था, जिसे मैं अपने जीवन में कभी नहीं भूल सकता। एक बात जो आपको खेलते देखते हुए हमने महसूस की थी वो ये कि दुनिया भर में इतने सारे लोग आपको देखने के लिए कितने उत्साहित थे। उस तरह की दीवानगी मैंने किसी अन्य एथलीट के लिए कभी नहीं देखी। यह वो चीज है जिसे न बनाया जा सकता है और न ही क्रिएट किया जा सकता है।' उन्होंने भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं भी दी थी।
15 सितंबर को रोजर फेडरर ने अपने करियर का आखिरी मैच खेला था। उन्होंने ट्विटर के माध्यम से अपने संन्यास की घोषणा की थी। 20 ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले फेडरर ने अपने करियर में 103 एटीपी सिंगल्स का खिताब और कुल 1,251 मैच जीते हैं। आखिरी मैच खेलने के बाद रोजर फेडरर और उनके सबसे बड़े प्रतिद्वंदी माने जाने वाले राफेल नडाल का एक वीडियो काफी वायरल हुआ था जिसमें दोनों रोते हुए नजर आ रहे थे।
Thank you for all the incredible memories, Roger 💫 @rogerfederer | #RForever | @imVkohli pic.twitter.com/VjPtVp9aq6— ATP Tour (@atptour) September 29, 2022
सोशल मीडिया पर यह वीडियो खूब वायरल हुआ था और लोगों ने इनके खेल भावना की जमकर तारीफ की थी। इस वीडियो पर विराट कोहली ने भी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा था कि खेल भावना की इससे बड़ी मिसाल कोई दूसरी नहीं मिल सकती है।