यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 29, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Rajat Patidar ने IPL रिटेंशन से पहले दी RCB को वॉर्निंग! रणजी ट्रॉफी में 68 गेंद पर जड़ा तूफानी शतक
आईपीएल 2024 में रजत पाटीदार ने आरसीबी के लिए 15 मैच खेले जिसमें उन्होंने 177.13 की स्ट्राइक रेट से 395 ...और पढ़ें

HighLights
- आईपीएल रिटेंशन से पहले रजत पाटीदार ने जड़ा तूफानी शतक
- मजह 68 गेंद पर पूरा किया अपना शतक
- रजत पाटीदार ने रणजी इतिहास का जड़ा पांचवां सबसे तेज शतक
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के बल्लेबाज रजत पाटीदार ने रणजी ट्रॉफी के इतिहास का पांचवां सबसे तेज शतक जड़ा। हरियाणा के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मैच के अंतिम दिन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे रजत पाटीदार ने केवल 68 गेंद में अपना शतक पूरा किया और मध्य प्रदेश के नमन ओझा का पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 2015 में कर्नाटक के खिलाफ 69 गेंद पर शतक बनाया था। रिटेंशन से पहले रजत पाटीदार ने आरसीबी को चेतावनी दी है। पाटीदार की यह पारी आरसीबी को सोचने पर मजबूर कर देगी।
मध्य प्रदेश के स्टार बल्लेबाज रजत पाटीदार ने शानदार अंदाज में अपने घरेलू सत्र में वापसी की है। हरियाणा के खिलाफ मात्र 68 गेंद में रणजी ट्रॉफी इतिहास का पांचवां सबसे तेज शतक जड़कर कमाल कर दिया है। उन्होंने पहली पारी में 102 गेंद में 159 रन बनाए। रजत पाटीदार के शतक ने न केवल उन्हें रिकॉर्ड बुक में स्थान दिलाया, बल्कि तीसरे दौर के मुकाबले में मध्य प्रदेश की जीत की संभावनाओं को भी बढ़ा दिया है।
पंत के नाम दर्ज है खास उपलब्धि
बता दें कि रणजी ट्रॉफी में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड ऋषभ पंत के नाम है। उन्होंने सिर्फ 48 गेंद पर अपना शतक पूरा किया था। हालांकि, हिमाचल प्रदेश के बल्लेबाज शक्ति सिंह ने 1990 में हरियाणा के खिलाफ 45 गेंद पर शतक बनाया था, लेकिन उचित दस्तावेज के अभाव में इसे आधिकारिक रूप से दर्ज नहीं किया गया।
मध्य प्रदेश ने हासिल की 173 रन की बढ़त
मैच की बात करें तो हरियाणा ने पहली पारी में 132 रन की बड़ी बढ़त हासिल कर ली थी। हरियाणा ने एमपी के 308 रन के जवाब में 440 रन बनाए थे। मैच के लिए सिर्फ दो सत्र बचे थे, उन्हें लक्ष्य निर्धारित करने के लिए तेजी से रन बनाने की जरूरत थी, और पाटीदार ने मोर्चा संभाला। उनकी धमाकेदार पारी में 11 चौके और तीन गगनचुम्बी सिक्स शामिल थे, जिससे एमपी को दूसरी पारी में 173 रन की अच्छी खासी बढ़त मिल गई।
एमपी को बना चुके हैं चैंपियन
रजत पाटीदार 2021-22 में मध्य प्रदेश की रणजी ट्रॉफी जीतने वाली सीजन के दौरान सुर्खियों में आए थे, जहां उन्होंने 9 पारियों में दो शतक और पांच अर्धशतक की मदद से 658 रन बनाए थे। पाटीदार मुंबई के खिलाफ फाइनल में भी स्टार रहे थे, जहां उन्होंने छह विकेट की जीत में 122 और नाबाद 30 रन बनाए थे।
