अश्विन को मिला साल के सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर का अवॉर्ड
रविचंद्रन अश्विन को सिएट क्रिकेट रेटिंग (सीसीआर) अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार 2017 में वर्ष का सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर चुना गया।
मुंबई, प्रेट्र: चैंपियंस ट्रॉफी के लिए रवाना होने से पहले भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को बुधवार को सिएट क्रिकेट रेटिंग (सीसीआर) अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार 2017 में वर्ष का सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर चुना गया।
पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर और आरपीजी एंटरप्राइजेस के अध्यक्ष हर्ष गोयनका ने क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया में हुए समारोह में अश्विन को यह पुरस्कार दिया। भारत के घरेलू सत्र में अश्विन ने विरोधी टीमों को काफी परेशान किया। भारत ने इस दौरान न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 13 टेस्ट में से दस में जीत दर्ज की।
अश्विन ने पिछले 12 महीने में 99 विकेट झटके। युवा बल्लेबाज शुभम गिल को वर्ष के सर्वश्रेष्ठ युवा खिलाड़ी का पुरस्कार दिया गया। उन्हें मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ अंडर-19 वनडे सीरीज में अच्छे प्रदर्शन के कारण इस पुरस्कार के लिए चुना गया।
इस मौके पर अश्विन ने याद किया कि चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में उन्होंने अपना पहला ऑटोग्राफ गावस्कर का ही लिया था। अश्विन ने राइजिंग पुणे सुपरजाइंट की ओर से खेलते हुए आइपीएल में अच्छे प्रदर्शन के लिए तमिलनाडु के ऑफ स्पिनर वाशिंगटन सुंदर की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि सुंदर ने विजय हजारे ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन किया। मैंने कुछ लोगों से सुना था कि वह शानदार खेल दिखा रहा है। उसे पता है कि टी-20 में कैसे गेंदबाजी करते हैं और नई गेंद से गेंदबाजी करना बड़ी चुनौती है।
क्रिकेट की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें