PSL बना सर्कस, जमकर हो रही कॉमेडी! रन आउट का यह प्रयास आपको कर देगा हंसने पर मजबूर
पाकिस्तान सुपर लीग का 11वां सीजन शुरुआत से ही चर्चा में बना हुआ है। पहले ही मैच में जर्सी का रंग छूटने के कारण सफेद गेंद पिंक हो गई थी।

समझ नहीं आया किसे आउट कराना है।
HighLights
पेशावर जल्मी ने क्वेटा ग्लैडिएटर्स को हराया
कप्तान बाबर आजम ने लगाया अर्धशतक
बाबर ने 51 गेंदों पर 71 रन ठोक दिए
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान सुपर लीग का 11वां सीजन शुरुआत से ही चर्चा में बना हुआ है। पहले ही मैच में जर्सी का रंग छूटने के कारण सफेद गेंद पिंक हो गई थी। इसके बाद लाहौर कलंदर्स के बल्लेबाज फखर जमान पर बॉल टेंपरिंग का आरोप लगा और उन पर दो मैचों का बैन लगा दिया गया। अब एक रन आउट के प्रयास का वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। इसके बाद लोगों का कहना है कि पीएसएल सर्कस बन गया है। इसमें जमकर कॉमेडी हो रही है।
एक रन चुराने का प्रयास किया
बुधवार को क्वेटा ग्लैडिएटर्स के खिलाफ मैच के दौरान पेशावर जल्मी के खिलाड़ी फरहान यूसुफ काफी कंफ्यूज नजर आए। यह घटना ग्लैडिएटर्स की पारी के आखिरी ओवर में फ्री-हिट गेंद पर घटी। लोअर ऑर्डर बल्लेबाज अबरार अहमद और उस्मान तारिक क्रीज पर थे। स्ट्राइक पर मौजूद अबरार ने एक रन चुराने के लिए गेंद को बैकवर्ड पॉइंट की तरफ खेला। यूसुफ को गेंद पकड़ते देख अबरार ने अपना इरादा बदल दिया और तारिक को पिच पर आधे रास्ते तक पहुंचने के बाद वापस पवेलियन भेजने का फैसला किया।
समझ नहीं आया किसी आउट करें
गेंद पकड़ने के बाद यूसुफ पहले रन-आउट करने के लिए स्ट्राइकर छोर की ओर दौड़े। फिर अचानक उन्होंने दिशा बदलकर गेंद को नॉन-स्ट्राइकर छोर की ओर फेंक दिया। गेंद स्टंप्स से चूक गई, जिससे तारिक को जीवनदान मिल गया। तारिक क्रीज से काफी दूर थे, ऐसे में डायरेक्टर थ्रो उनकी पारी समाप्त कर सकता था। अब इस वीडियो की जमकर चर्चा हो रही है।
Comedy of errors in #PSL pic.twitter.com/xWnrySjlMK
— Nibraz Ramzan (@nibraz88cricket) April 15, 2026
मुकाबले का हाल
मुकाबले की बात करें तो पेशावर जल्मी ने कराची के नेशनल स्टेडियम में क्वेटा ग्लैडिएटर्स को 8 विकेट से हराकर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की। ग्लेडिएटर्स को 154 रनों पर ऑल आउट करने के बाद कप्तान बाबर आजम की 51 गेंदों पर नाबाद 71 रनों की पारी की बदौलत जल्मी ने 9 गेंद पहले ही टारगेट चेज कर लिया।
