Odisha T20 League 2026: सुरेश रैना और देबाशीष मोहंती बने ब्रांड एंबेसडर, 20 सितंबर से कटक में शुरू होगा रोमांच
उत्तर प्रदेश के बाद अब ओडिशा में टी20 क्रिकेट का रोमांच सिर चढ़कर बोलने वाला है।

ओडिशा T20 लीग 2026

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के बाद अब ओडिशा में टी20 क्रिकेट का रोमांच सिर चढ़कर बोलने वाला है। 20 से 29 सितंबर के बीच कटक के ऐतिहासिक बाराबती स्टेडियम में आयोजित होने वाली 'ओडिशा T20 लीग 2026 – सीएम ट्रॉफी (CM Trophy)' के लिए भारत के दो पूर्व स्टार दिग्गज सुरेश रैना और ओडिशा के अपने देबाशीष मोहंती को आधिकारिक ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया है।
ओडिशा क्रिकेट एसोसिएशन (OCA) द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य राज्य के युवा और उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और दबाव में खेलने का अनुभव देना है।
ब्रांड एंबेसडर के रूप में लीग से जुड़ने पर पूर्व भारतीय ऑलराउंडर सुरेश रैना ने ओडिशा के फैंस के लिए खास संदेश दिया, "नमस्कार, ओडिशा! सभी क्रिकेट फैंस के लिए एक बहुत अच्छी खबर है। ओडिशा T20 लीग - सीएम ट्रॉफी की आधिकारिक घोषणा हो चुकी है और 20 से 29 सितंबर तक कटक के बाराबती स्टेडियम में मुकाबले खेले जाएंगे।"
उन्होंने कहा, "6 टीमें ट्रॉफी के लिए आपस में भिड़ेंगी। यह 10 दिन रोमांचक और हाई-इंटेंसिटी क्रिकेट से भरे होंगे। युवा खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का यह शानदार मंच है। तो अपनी तारीखें ब्लॉक कर लीजिए और एक ब्लॉकबस्टर टूर्नामेंट के लिए तैयार हो जाइए। जय जगन्नाथ!"
भारत के पूर्व तेज गेंदबाज और ओडिशा के स्थानीय हीरो देबाशीष मोहंती ने ओडिशा क्रिकेट एसोसिएशन का आभार जताते हुए कहा, "ओडिशा के क्रिकेट प्रेमियों का इंतजार खत्म हुआ। 6 टीमें खिताबी जंग के लिए उतरेंगी और यह लीग हमारे खिलाड़ियों को हाई-प्रेशर माहौल में अपनी कला का प्रदर्शन करने का मजबूत मंच देगी। मैं ओसीए (OCA) को इस आयोजन के लिए धन्यवाद देता हूं। मुझे यकीन है कि फैंस को कई यादगार पल देखने को मिलेंगे। सभी स्टेडियम आएं और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाएं। जय जगन्नाथ!"
इन 6 टीमों के बीच होगी खिताबी जंग
टूर्नामेंट में ओडिशा के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली 6 फ्रेंचाइजी टीमें मैदान में उतरेंगी।
- भुवनेश्वर टाइगर्स (Bhubaneswar Tigers)
- पुरी टाइटंस (Puri Titans)
- क्योंझर माइनर्स (Keonjhar Miners)
- राउरकेला सुपरस्टार्स (Rourkela Superstars)
- संबलपुर वारियर्स (Sambalpur Warriors)
- कटका पैंथर्स (Kataka Panthers)
टूर्नामेंट का फॉर्मेट और ओपनिंग मैच
पहला मुकाबला (20 सितंबर): टूर्नामेंट का आगाज 20 सितंबर को संबलपुर वारियर्स और कटका पैंथर्स के बीच मुकाबले से होगा।
क्वालिफायर और फाइनल का गणित
लीग स्टेज के अंत में पॉइंट्स टेबल पर टॉप (1st) पर रहने वाली टीम सीधे फाइनल में एंट्री करेगी। वहीं दूसरे (2nd) और तीसरे (3rd) नंबर की टीमों के बीच क्वालिफायर मैच खेला जाएगा, जिसकी विजेता टीम फाइनल में पहुंचेगी।
विमेंस एग्जीबिशन मैच (28 सितंबर)
फैंस के लिए 28 सितंबर को एक विशेष महिला प्रदर्शनी मैच का आयोजन भी रखा गया है।
ग्रैंड फिनाले (29 सितंबर)
खिताबी महामुकाबला 29 सितंबर को कटक के बाराबती स्टेडियम में खेला जाएगा।
यह भी पढ़ें- 'अब 300 रन भी बन रहे हैं, बॉलर्स के लिए कुछ नहीं', IPL के इस नियम पर जमकर भड़के सुरेश रैना
यह भी पढ़ें- 15 अगस्त 2020 को सुरेश रैना के संन्यास पर क्या था MS Dhoni का रिएक्शन? 'मिस्टर आईपीएल' ने किया खुलासा
