विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खस्‍ता हाल Mumbai Indians, पिछले 6 सीजन में 4 बार लीग स्‍टेज में 'आउट'; 5 गलतियों ने 'पलटन' को डुबोया

Published: Mon, 11 May 2026 07:11 PM (GMT+05:30)

मुंबई इंडियंस आईपीएल 2026 में प्‍लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई है। मुंबई को रविवार को रायपुर में आरसीबी के हाथों दो विकेट की शिकस्‍त मिली।

मुंबई इंडियंस

मुंबई इंडियंस

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। पांच बार की आईपीएल चैंपियन और सितारों से सजी मुंबई इंडियंस का मौजूदा सीजन में खराब प्रदर्शन चिंता का विषय बन गया है। हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव ने कप्‍तानी की, लेकिन मुंबई के 11 लीग मैचों के बाद ही साफ हो गया कि वो प्‍लेऑफ की रेस से बाहर हो गई।

मुंबई इंडियंस के स्‍टार खिलाड़‍ियों की फौज को देखते हुए यह नतीजे फैंस को निराश करते हैं। वैसे, 2020 में आखिरी बार खिताब जीतने वाली मुंबई इंडियंस के हालात 2021 यानी 14वें सीजन से ही डामाडोल हो गए हैं। पिछले छह सीजन में इस फ्रेंचाइजी ने दो बार प्‍लेऑफ (2023 और 2025) तक का सफर तय किया, जबकि चार बार लीग स्‍टेज में ही बाहर हो गई।

चलिए जानते हैं कि आखिर ऐसे क्‍या 5 प्रमुख कारण रहे, जिससे पलटन की साख पर बट्टा लग गया।

fivetitlemiipl

पहला कारण - कप्‍तानी में खराब फैसले और टीम में कलह की खबरें

मुंबई इंडियंस अपनी मजबूत लीडरशिप के लिए मशहूर रहा है, लेकिन पिछले कुछ सीजन से इसमें काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। 2024 में हार्दिक पांड्या को गुजरात टाइटंस से ट्रेड करने के बाद कप्‍तान बनाने से इस फसाद की शुरूआत हुई। हार्दिक पांड्या की कप्‍तानी के फैसलों पर टीम एकजुट नजर नहीं आई और पिछले तीन सीजन में दो बार टीम लीग स्‍टेज से बाहर हुई।

हार्दिक पांड्या और रोहित शर्मा के बीच कलह की खबरों ने भी बाजार गर्म किया। हाल ही में हार्दिक पांड्या द्वारा सोशल मीडिया से मुंबई इंडियंस, रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव को अनफॉलो और फिर फॉलो करने की खबरें भी सामने आईं। इन परेशानियों से जूझते हुए भला कैसे कोई टीम बेहतर प्रदर्शन करती दिख सकती है?

दूसरा कारण - टीम कॉम्बिनेशन

मुंबई इंडियंस पहले अपने कोर स्‍क्‍वाड के लिए जाना जाता था। मगर पिछले कुछ सीजन से इसकी कमी नजर आ रही है। पलटन की नैया पार लगाने वाले खिलाड़‍ियों की कमी दिखने लगी। हालात तो ऐसे देखने को मिले कि मौजूदा सीजन में एमआई ने 11 मैचों में 23 खिलाड़‍ियों को आजमा लिया है। जिम्‍मेदार खिलाड़‍ियों की कमी का खामियाजा टीम को भुगतना पड़ रहा है।

तीसरा कारण - चोटों ने बढ़ाई चिंता

मुंबई इंडियंस के साथ 'लक फैक्‍टर' की कमी भी नजर आई। प्रमुख खिलाड़‍ियों की चोटों ने टीम में अंतर पैदा कर दिया, जिसे भर पाना किसी युवा के लिए बहुत मुश्किल हुआ। 2025 में बुमराह सहित चार प्रमुख खिलाड़ी चोटिल रहे। मौजूदा सीजन में हार्दिक पांड्या, रोहित शर्मा और मिचेल सैंटनर की चोट चिंता का विषय बनी।

2024 में सूर्यकुमार यादव, गेराल्‍ड कोएत्‍जे, जेसन बेहरनडोर्फ और दिलशान मदुशंका की चोटों ने परेशान किया। 2023 सीजन में बुमराह और झाय रिचर्डसन सीजन से बाहर रहे। जोफ्रा आर्चर भी कम मैच खेल सके थे।

seasoniplmi

चौथा कारण - स्‍टार खिलाड़‍ियों से मिली दगाह

मुंबई इंडियंस अपने स्‍टार खिलाड़‍ियों के फ्लॉप प्रदर्शन से भी परेशान रही। मौजूदा सीजन में सूर्यकुमार यादव एमआई के सबसे बड़े सिरदर्द बने। ऐसे ही पिछले कुछ सीजन में उसके खिलाड़ी अपनी साख के मुताबिक प्रदर्शन करने में नाकाम रहे।

पांचवां कारण - थकान और युवाओं की स्‍काउटिंग

मुंबई इंडियंस में कई भारतीय टीम के नियमित खिलाड़ी हैं, जिन पर थकान हावी दिखी। ऐसा इसल‍िए क्‍योंकि भारतीय टीम का कैलेंडर पूरे साल व्‍यस्‍त रहा और इसके बाद आईपीएल। सूर्यकुमार यादव, रोहित शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह लगातार क्रिकेट खेले। इनकी थकान मैदान पर नजर भी आई। बुमराह के लिए कई एक्‍सपर्ट कह चुके हैं कि वो थकान के कारण मौजूदा सीजन में दमदार प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं।

इसके अलावा मुंबई इंडियंस युवाओं को निखारने के लिए भी जानी जाती थी। सौरभ तिवारी, अंबाती रायुडू, हार्दिक पांड्या, कृणाल पांड्या, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल ऐसे खिलाड़ी रहे, जिन्‍हें एमआई ने आईपीएल के जरिये पहचान दिलाई। मगर पिछले कुछ सीजन से ये चमक फीकी पड़ी दिख रही है। नमन धीर और अश्विनी कुमार के अलावा कोई नाम याद नहीं आता, जिसे एमआई ने स्‍काउट करके आईपीएल स्‍टार बनाया हो।

यह भी पढ़ें: कहीं खुशी तो कहीं गम... Virat Kohli शेर की तरह दहाड़े तो हार से टूटकर मैदान पर गुस्साए रियान-VIDEO

यह भी पढ़ें: MI को ले डूबा तिलक-नमन का कंफ्यूजन! ड्रॉप कैच बना टर्निंग प्वाइंट; क्रुणाल पांड्या ने RCB को दिलाई जीत