MS Dhoni को देखने जमा हुए फैंस पर पुलिस का लाठी चार्ज, जानिए कहां हुआ ये मामला
अपने चहेते क्रिकेटर माही की एक झलक पाने के लिए लोग बेकाबू हो गए जिनको नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी। कार्यक्रम होता उससे पहले ही भीड़ बेकाबू हो गई जिसके बाद धौनी को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
रंजन दवे, जोधपुर। जोधपुर संभाग के जालोर के जाखल गांव में एक विद्यालय का फीता काटने पहुचे महेंद्र सिंह धौनी को देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। अपने चहेते क्रिकेटर माही की एक झलक पाने के लिए लोग बेकाबू हो गए, जिनको नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी। कार्यक्रम होता उससे पहले ही भीड़ बेकाबू हो गयी, जिसके बाद धौनी को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
दरअसल जालोर के जाखल में जैन समाज के द्वारा दो करोड़ की राशि से एक राजकीय विद्यालय का निर्माण करवाया गया था। जिसके उद्घाटन के लिए महेंद्र सिंह धोनी को बुलाया गया था। कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए महेंद्र सिंह धोनी जाखल पहुंचे। धोनी के आने की जानकारी मिलने पर जाखल और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवाओं की टीम उन्हें देखने के लिए विद्यालय प्रांगण में इकट्ठा हो गई। हालांकि आयोजकों द्वारा टेंट लगाए गए थे और व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी मौजूद था।
इसके बावजूद अपने चहेते क्रिकेटर की एक झलक पाने के लिए यह भीड़ बेकाबू हो गई। धोनी की झलक पाते ही भीड़ ने माही के नाम के नारे लगाए। ऐसे में धोनी विद्यालय कक्ष का फीता काटते उससे पहले पीछे से आए एक धक्के ने फीता ही उखाड़ दिया। धोनी आयोजकों के साथ जैसे ही मंच की ओर बढ़े तो भीड़ भी लगे हुई बल्लियां ब टेंट को धता बताकर मंच की ओर बढ़ चली। लोगों ने धोनी को देखने के लिए टेंट फाड़ दिए और बेरिकैड्स तोड़ दिए। ऐसे में सुरक्षा कारणों से फीता काटे बगैर धोनी को लौटना पड़ा।
स्थिति को बिगड़ते देख मौजूद पुलिस कर्मियों ने लाठियां भांजी और भीड़ को तीतर बितर कर दिया। इससे एक बारगी अफरा तफरी मच गई। पुलिस के जवानों ने स्थिति को संभालते हुए परिसर से धोनी को सुरक्षित निकाला। आयोजकों के साथ धोनी थोड़ी देर रुकने के बाद वापस रवाना हो गए।जालोर जिले के जाखल गांव में संघवी तीजाबेन मिश्रीमल कटारिया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भवन के उद्घाटन के लिए विशेष तौर से धोनी को बुलाया गया था।