विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

LSG vs RR: वैभव को मोहसिन खान ने किया बेबस, IPL में पहली बार इस तरह लाचार हुए सूर्यवंशी

Published: Wed, 22 Apr 2026 09:07 PM (IST)

लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी अपना कमाल नहीं दिखा सके। उन्हें मोहसिन खान ने अपना शिकार बनाया और वे अपनी पारी के दौरान बेबस दिखे।

वैभव सूर्यवंशी

वैभव सूर्यवंशी

HighLights

  1. राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मैच

  2. वैभव सूर्यवंशी का लखनऊ के खिलाफ नहीं चला बल्ला

  3. मोहसिन खान ने सूर्यवंशी को बनाया शिकार

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। वैभव सूर्यवंशी जब क्रीज पर आते हैं, तो गेंदबाजों में उनका खौफ होता है। सूर्यवंशी पहली ही गेंद को बाउंड्री के बाहर भेजने का कारानामा करते हैं, जो बॉलर्स की परेशानी को बढ़ाता है। हालांकि, लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज मोहसिन खान ने खास कारनामा किया और सूर्यवंशी के आगे मेडन ओवर डाला। वैभव उनकी 5 गेंदों पर कोई स्कोर नहीं कर सके और छठी बॉल पर आउट हो गए।

सूर्यवंशी पिछले तीन मैचों से बड़ा स्कोर नहीं बना सके हैं। उन्होंने लखनऊ के खिलाफ 11 गेंदें खेली लेकिन सबसे अधिक हैरानी की बात ये रही कि उनका स्ट्राइक रेट 100 से कम रहा। ये आईपीएल में पहला मौका है, जब सूर्यवंशी ने आईपीएल में 10 या उससे अधिक गेंदें खेली हों और उनका स्ट्राइक रेट 100 से कम का रहा हो। अब लखनऊ के गेंदबाजों के आगे उनकी एक नहीं चली और 8 रन बनाकर आउट हो गए।

मोहसिन खान ने डाला मेडन ओवर

लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत ने चौथे ओवर में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहसिन खान को गेंद थमाई। स्ट्राइक पर वैभव थे और मोहसिन ने लगातार 5 डॉट गेंदें करा दी। इसके बाद सूर्यवंशी छठी गेंद पर बड़ा शॉट खेलने गए। गेंद ने ऊंचाई प्राप्त की लेकिन दूरी नहीं मिली। इसके बाद दिग्वेश सिंह राठी ने उनका कैच लपक लिया। इसी के साथ ये ओवर विकेट के साथ मेडन भी साबित हुआ।

सूर्यवंशी ने अपने आईपीएल करियर में पहली बार कोई मेडन ओवर खेला है। इससे पहले उन्होंने कभी मेडव ओवर नहीं खेला था। 15 वर्षीय खिलाड़ी 11 गेंदों पर 8 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 2 चौके शामिल रहे। बाएं हाथ के बल्लेबाज के जल्दी आउट होने की वजह से राजस्थान रॉयल्स की लखनऊ के खिलाफ शुरुआत बेहद खराब रही।

राजस्थान रॉयल्स का टॉप ऑर्डर फेल

राजस्थान का टॉप ऑर्डर ऋषभ पंत की अगुवाई वाली टीम के खिलाफ फ्लॉप रहा। पिछले तीन मैचों से आरआर का शीर्ष क्रम संघर्ष कर रहा है और यही कारण है कि टीम पिछले दो मौचों में हार चुकी है। रियान पराग की कप्तानी वाली राजस्थान ने पावरप्ले में 3 विकेट के नुकसान पर 44 रन बनाए, जो उनका लगातार तीन मैचों में खराब प्रदर्शन है।

यह भी पढ़ें- पाकिस्तान के अली रजा ने PSL 2026 में गेंदबाजी से मचाया तहलका, हैट्रिक लेकर बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड

यह भी पढ़ें- BAN vs NZ 2nd ODI: न्‍यूजीलैंड को हराने के बाद भी बांग्‍लादेश पर गिरी गाज, आईसीसी ने ठोका तगड़ा जुर्माना