राजस्थान क्रिकेट संघ में ललित मोदी का राज खत्म, सीपी जोशी बने अध्यक्ष
आरसीए में पूर्व आइपीएल कमिश्नर ललित मोदी के वर्चस्व का शुक्रवार को अंत हो गया।
जयपुर, नरेंद्र शर्मा। राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) में पूर्व आइपीएल कमिश्नर ललित मोदी के वर्चस्व का शुक्रवार को अंत हो गया। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. सीपी जोशी ने ललित मोदी के बेटे रुचिर मोदी को हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा कर लिया।
जोशी पहले भी आरसीए के अध्यक्ष रह चुके है। एक दशक से भी अधिक समय तक आरसीए पर ललित मोदी का प्रभुत्व रहा। विदेश में रह कर भी वह लंबे समय से आरसीए की गतिविधियां संचालित कर रहे थे।
चुनाव अधिकारी पूर्व आइएएस एके पांडे ने शुक्रवार को चुनाव परिणाम घोषित कर दिए। इनमें कुल में से 19 वोट जोशी को मिले, वहीं रुचिर मोदी को 14 मत मिले। हालांकि अध्यक्ष पद गंवाने के बावजूद मोदी गुट ने आरसीए के दो महत्वपूर्ण सचिव एवं कोषाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।
सचिव पद पर आरएस नांदू ने महेंद्र शर्मा को एक वोट से हराया। नांदू को 17 और शर्मा को 16 वोट मिले। इसी तरह कोषाध्यक्ष पद पर मोदी गुट के पिंकेश कुमार जैन ने जोशी गुट के आजाद सिंह को तीन वोटों से हराया। जैन को 18 और सिंह को 15 वोट मिले।
उपाध्यक्ष पद पर जोशी गुट के मुहम्मद इकबाल निर्वाचित हुए। उन्होंने मोदी गुट के रामप्रकाश चौधरी को हराया। आरसीए चुनाव को लेकर करीब दो माह से उठापटक चल रही थी। ललित मोदी अपने बेटे रुचिर मोदी को चेहरा बनाकर आरसीए की सत्ता अपने हाथ में रखना चाहते थे। इसके लिए पिछले वर्ष उन्होंने अपने बेटे को अलवर जिला क्रिकेट संघ का अध्यक्ष बनवाया।
रुचिर करीब एक वर्ष से लगातार जयपुर आकर यहां मोदी गुट के संपर्क में थे। तैयारी के साथ चुनाव की तारीख तय होते ही मोदी गुट ने रुचिर को चुनाव लड़ाने की घोषणा कर दी। वहीं, जोशी नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख तक चुनाव जीतने की संभावनाओं को तलाशते रहे। अंतिम दिन जब उन्हे यह महसूस हुआ कि उनकी जीत सुनिश्चित है तब उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया।
मालूम हो कि ललित मोदी के कारण बीसीसीआइ ने आरसीए पर प्रतिबंध लगाया था। इस कारण प्रदेश में क्रिकेट गतिविधियां ठप पड़ी हैं। सीपी जोशी (नवनियुक्त आरसीए अध्यक्ष) ने कहा, 'सभी को साथ लेकर राजस्थान में क्रिकेट की बेहतरी के लिए काम करेंगे। पहली प्राथमिकता बीसीसीआइ द्वारा लगाए गए बैन को हटवाना होगा। राज्य में फिर से आइपीएल मैच कराने के साथ ही जयपुर में राज्य स्तरीय बड़ा स्टेडियम बनाएंगे। जिलों में भी आरसीए के स्टेडियम बनाए जाएंगे।'
क्रिकेट की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें