विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 22, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

लेग से स्पिन हुई गेंद और ऑफ स्टंप का डंडा बाहर, फटी रह गई Alex Carey की आंखें, Kuldeep का शेन वॉर्न वाला अवतार

By Jagran NewsEdited By: Jagran News Network
Published: Wed, 22 Mar 2023 07:04 PM (IST)

Kuldeep Yadav Shane Warne कुलदीप यादव ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में एक गेंद ऐसी फेंकी जिसने हर किसी ...और पढ़ें

Kuldeep Yadav Shane Warne IND vs AUS 3rd ODI
Kuldeep Yadav Shane Warne IND vs AUS 3rd ODI

नई दिल्ली, स्पोर्ट्स डेस्क। कलाई का कलाकार कह लीजिए या स्पिन का जादूगर। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरे वनडे में कुलदीप यादव की एक बलखाती गेंद पूरे मैच की महफिल लूट ले गई। लेग स्टंप पर पड़ी गेंद ने ऐसा काटा बदला कि ऑफ स्टंप का डंडा बाहर हो गया। बल्लेबाज महज मूक दर्शक बनकर रह गया और हवा में लहराई इस गेंद ने सालों बाद एकबार फिर शेन वॉर्न की यादों को ताजा कर दिया।

कुलदीप ने दिलाई वॉर्न की याद

दरअसल, एलेक्स कैरी क्रीज पर पूरी तरह से सेट नजर आ रहे थे और ऑस्ट्रेलियाई टीम को संवारने में जुटे हुए थे। ऐसे में कप्तान रोहित ने गेंद थमाई कुलदीप यादव के हाथों में। कुलदीप ने मैच के 39वें ओवर की पहली ही गेंद ऐसी फेंकी कि बल्लेबाज तो छोड़िए खुद कुलदीप इस गेंद को देखकर हैरान रह गए।

लेग स्टंप से होती हुई गेंद सेट बल्लेबाज एलेक्स कैरी का ऑफ स्टंप ले उड़ी। इस तरह कुलदीप ने कैरी की 38 रनों की पारी का अंत कर दिया। कुलदीप की इस बेहतरीन गेंद का वीडियो राजस्थान रॉयल्स ने अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर करते हुए लिखा, "शेन वॉर्न मेरे आदर्श हैं, हम यह बता सकते हैं कुलदीप।"

कैरी के लिए अबूझ पहेली कुलदीप

कुलदीप यादव के सामने आसानी से घुटने टेकने की एलेक्स कैरी की कहानी बड़ी पुरानी है। कैरी ने कुलदीप के खिलाफ 63 गेंदों का सामना किया है और उन्होंने 61 रन बनाए हैं। इस दौरान भारतीय स्पिनर ने विकेटकीपर बल्लेबाज को पांच बार पवेलियन की राह दिखाई है। कैरी का कुलदीप के खिलाफ औसत भी महज 12.2 का रहा है। यानी कुलदीप के आगे कंगारू बल्लेबाज की एक नहीं चलती है और यही कहानी आंकड़े भी बयां कर रहे हैं।

वॉर्नर और लाबुशेन का भी किया शिकार

कुलदीप यादव ने सिर्फ कैरी ही नहीं, बल्कि अपने शानदार स्पैल में डेविड वॉर्नर और मार्नस लाबुशेन को भी चलता किया। कुलदीप ने अपने 10 ओवर के स्पैल में 56 रन खर्च किए और तीन विकेट झटके। तीन मैचों की सीरीज में कुलदीप ने कुल चार विकेट अपने नाम किए