विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Krunal Pandya हैं 'असली योद्धा', पेट का गहरा घाव झेलकर MI को हराया; RCB की जीत के बाद खुद शेयर की पोस्ट

Published: Mon, 11 May 2026 03:57 PM (IST)

आरसीबी ने एक रोमांचक मैच में मुंबई इंडियंस को हराकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि मुंबई टूर्नामेंट से बाहर हो गई।

Krunal Pandya ने चोट के निशान की तस्वीर की शेयर

Krunal Pandya ने चोट के निशान की तस्वीर की शेयर

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। Krunal Pandya Scars Post: आईपीएल 2026 में आरसीबी की टीम ने एमआई को रविवार को खेले गए रोमांचक मैच में आखिरी गेंद पर मात दी। ये मैच 2 विकेट से जीतने के बाद आरसीबी की टीम अंक तालिका में टॉप पर पहुंच गई, जबकि मुंबई की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई। इस जीत के सबसे बड़े हीरो ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या रहे, जिन्होंने मैच के बाद अपने सोशल मीडिया पर अपनी चोट के निशान की फोटो शेयर की, जो तेजी से वायरल हो रही हैं। 

Krunal Pandya का पोस्ट VIRAL

दरअसल, रायपुर की मुश्किल पिच पर क्रुणाल पांड्या ने 46 गेंदों का सामना करते हुए 73 रन की अहम पारी खेली और टीम की जीत में बड़ा योगदान दिया। क्रुणाल जब मैदान पर बैटिंग कर रहे थे, तो उनकी मांसपेशियों के खिंचाव और दर्द से जूझ रहे थे, लेकिन अपने दर्द को सहते हुए उन्होंने मैदान पर डटे रहने का फैसला किया। 

मुंबई पर मिली जीत के बाद क्रुणाल ने अपनी चोट की तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, “कुछ निशान इस बात का सबूत होते हैं कि उनके लिए लड़ना सही था।"

 

 

image

Krunal Pandya की चोट के निशान

भुवी-क्रुणाल के दम पर जीती RCB

मैच में टॉस जीतकर आरसीबी ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भुवनेश्वर कुमार ने 23 रन खर्च करते हुए अपनी घातक स्विंग से मुंबई के टॉप ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया और पावरप्ले में ही स्कोर 28/3 कर दिया। उन्होंने कुल 4 विकेट लिए। हालांकि, नमन धीर (47) और तिलक वर्मा (57) की पारियों के दम पर मुंबई ने 166/7 का स्कोर बनाया।

इसके जवाब में 167 रनों का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत बेहद खराब रही। विराट कोहली लगातार दूसरी बार 'गोल्डन डक' (0) पर आउट हुए। 39 रन के स्कोर पर टीम ने तीन विकेट गंवा दिए थे और फिर टीम की पारी को संभालने की जिम्मेदारी क्रुणाल पांड्या ने उठाई। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 5 छक्के जड़े। जैकब बेथेल (26) और जितेश शर्मा (18) के साथ क्रुणाल ने अहम साझेदारियां कीं।

अंतिम ओवर का ड्रामा

आखिरी ओवर में आरसीबी को जीत के लिए 15 रन चाहिए थे। एमआई के राज बावा ने पहली गेंद वाइड फेंकी, फिर नो बॉल फेंकी। फ्री हिट पर रोमारियो शेफर्ड ने 1 रन लिया। फिर रसिख डार ने वाइड गेंद पर एक रन लिया और अगली गेंद पर शेफर्ड ने कोई रन नहीं लिया। यानी दो लीगल गेंद पर आरसीबी ने 5 रन बना लिए थे और 4 गेंद में 10 रन की जरूरत थी। अगली गेंद पर तिलक ने शेफर्ड का कैच लेकर मुंबई की मैच में वापसी कराई।

आरसीबी को अंत में आखिरी गेंद पर दो रन की जरूरत थी। रसिख ने सीधा शॉट लगाया और गेंद बावा के हाथ से लगकर लॉन्ग ऑन की ओर गई। रसिख ने तेजी से पहला रन पूरा किया और डाइव लगाकर अपना दूसरा रन भी पूरा किया।

प्वाइंट्स टेबल का समीकरण

इस जीत के साथ ही आरसीबी (RCB IPL 2026 Points Table) 14 अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। वहीं, मुंबई इंडियंस (MI) की टीम 11 मैचों में 8वीं हार के साथ अब प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) भी टूर्नामेंट से बाहर हो गई है।

यह भी पढ़ें- IPL 2026: कहीं खुशी तो कहीं गम... Virat Kohli शेर की तरह दहाड़े तो हार से टूटकर मैदान पर गुस्साए रियान-VIDEO

यह भी पढ़ें- 'अच्छे इंसान को कोई नहीं रोक सकता', Hardik से मनमुटाव के बीच Krunal Pandya हुए इमोशनल; पोलार्ड को बताया बड़ा भाई