SRH vs RR: अंधेरे ने तोड़ा Ishan Kishan का शतकीय सपना, हैदराबाद में चंद लम्हों की तकनीकी खराबी ने बिगाड़ा माहौल
सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान ईशान किशन राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शतक से चूक गए और इसमें कहीं न कहीं लाइट्स ...और पढ़ें

ईशान किशन शतक से चूके

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे आईपीएल मैच में अचानक से अंधेरा छा गया। दर्शक इससे परेशान हो गए और इस अंधेरे से मेजबान टीम सनराइजर्स के कप्तान ईशान किशन का शतकीय सपना भी टूट गया।
इस मैच में राजस्थान के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। जोफ्रा आर्चर ने पहली ही गेंद पर अभिषेक शर्मा को आउट कर राजस्थान को राहत दी। ट्रेविस हेड भी कुछ खास नहीं कर सके, लेकिन कप्तान ईशान किशन ने जो पारी खेली उसने राजस्थान को परेशान कर दिया। ईशान अपने शतक की तरफ जा रहे थे और तभी बत्ती गुल हो गई जिसने ईशान को शतक से रोक दिया।
अचानक बत्ती गुल
हैदराबाद की पारी का 13वां ओवर खत्म हुआ था। तभी स्टेडियम की बत्ती गुल हो गई और पूरे स्टेडियम में अंधेरा छा गया। कुछ तकनीकी खराबी के कारण स्टेडियम की फ्लड लाइट्स बंद हो गई थीं जिससे मैच कुछ देर रुका रहा। कुछ देर बाद लाइट आ गई और मैच शुरू हो गया, लेकिन इस ब्रेक ने ईशान किशन की लय को तोड़ दिया और 14वें ओवर की पहली गेंद पर वह आउट हो गए।
गेंदबाजी करने आए संदीप शर्मा ने धीमी बाउंसर फेंकी जिस पर ईशान जल्दी कर बैठे और गेंद हवा में गई। संदीप ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच लपका। इस दौरान वह विकेटकीपर ध्रुव जुरेल से भिड़ भी गए क्योंकि वह खुद कैच लेने आ रहे थे। दोनों की टक्कर हो गई लेकिन इसमें कैच नहीं छूटा। ईशान नौ रनों से शतक से चूक गए। ईशान ने 44 गेंदों पर आठ चौके और छह छक्कों की मदद से 91 रन बनाए।
हेनरिक क्लासेन ने जमाया रंग
ईशान ने तूफानी रफ्तार में बल्लेबाजी की और 206.81 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। इस दौरान उन्हें हेनरिक क्लासेन का साथ मिला। क्लासेन भी अपनी तूफानी बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं और वह इसी तरह की बल्लेबाजी का प्रदर्शन कर रहे हैं। तुषार देशपांडे ने 16वें ओवर की पांचवीं गेंद पर उन्हें आउट किया। उन्होंने 26 गेंदों पर 40 रन बनाए। जिसमें तीन छक्के और एक चौका शामिल रहा।
