IPL 2020: अनिल कुंबले बने इस टीम के मुख्य कोच, नीलामी से पहले मिली बड़ी जिम्मेदारी
आइपीएल 2020 में अनिल कुंबले कोच की भूमिका में नजर आएंगे। कुंबले को किंग्स इलेवन पंजाब ने उन्हें प्रमुख कोच बनाया है। उन्हें नीलामी से ठीक पहले यह जिम्मेदारी मिली है।
नई दिल्ली, एजेंसी। आइपीएल 2020 (IPL 2020) में पूर्व भारतीय कप्तान अनिल कुंबले (Anil Kumble) कोच की भूमिका में नजर आएंगे। कुंबले को किंग्स इलेवन पंजाब ने उन्हें प्रमुख कोच बनाया है। टेस्ट में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले अनिल कुंबले को गुरुवार को फ्रेंचाइजी की बोर्ड बैठक के बाद कोच के रूप में नियुक्त किया गया। कुंबले इस प्रकार आइपीएल 2020 में एकमात्र भारतीय मुख्य कोच होंगे। कुंबले को आइपीएल नीलामी से पहले कोच नियुक्त किया गया है, जो कोलकाता में 19 दिसंबर को होने वाली है।
अनिल कुंबले इससे पहले मुंबई इंडियंस के चीफ मेंटर रह चुके हैं। उन्हें 2013 में इस भूमिका के लिए नियुक्त किया गया था और मुंबई उस वर्ष में अपना पहला आइपीएल खिताब जीतने में सफल रही थी। कुंबले इससे रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के मेंटर रहे।
कोच के तौर पर वापसी
बता दें कि, 2017 में भारत के मुख्य कोच का पद छोड़ने के बाद कुंबले की कोच के तौर पर इस दौरान वापसी होगी। इस दौरान कुंबले और कप्तान विराट कोहली मतभेद के चलते काफी खबरों में रहे थे। कुंबले और कोहली के बीच कथित तौर पर चैंपियंस ट्रॉफी 2017 के दौरान बातचीत भी नहीं हो रही थी।
रवि शास्त्री बने मुख्य कोच
इसके बाद दिग्गज लेग स्पिनर भारतीय टीम के साथ वेस्टइंडीज दौरे पर नहीं गए थे। इसके बाद रवि शास्त्री को 2017 में भारत क्रिकेट का मुख्य कोच बनाया गया। कुंबले की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब किंग्स इलेवन की टीम बड़े नामों के मौजूदगी के बावजूद आइपीएल में उतना शानदार प्रदर्शन नहीं कर सका है।
अश्विन के भविष्य पर फैसला
समाचार एजेंसी पीटीआइ के अनुसार टीम के सह-मालिक मोहित बर्मन ने कहा कि कुंबले टीम के कप्तान रविचंद्रन अश्विन के भविष्य पर भी फैसला लेंगे। पिछले दो सत्रों में टीम की कप्तानी करने वाले अश्विन सीजन में दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ सकते हैं।
माइक हेसन की जगह लेंगे
कुंबले से पहले माइक हेसन पंजाब के मुख्य कोच थे। उनका दो साल का कार्यकाल था, लेकिन वो बीच में ही इसे छोड़ दिया। इससे पहले वो विश्व कप 2015 तक न्यूजीलैंड टीम के कोच रहे। उन्होंने भारतीय टीम के कोच पद के लिए भी आवेदन किया था।
हेसन से पहले ये रहे कोच
हेसन से पहले संजय बांगर (2014-2016), वीरेंद्र सहवाग (2017), ब्रैड हॉज (2018) इस भूमिका को निभा चुके हैं। किंग्स इलेवन 2008 में सेमीफाइनल में पहुंची थी और 2014 के संस्करण में कोलकाता नाइट राइडर्स से फाइनल में हारने के बाद दूसरे स्थान पर रही।