केपटाउन टेस्ट से पहले द. अफ्रीका ने किया भारत का ऐसा अपमान, कभी नहीं भूलेगा हिंदुस्तान
ऐसा पहले भी कई बार अन्य स्टेडियमों में हो चुका है, लेकिन भारतीय प्रबंधन इस मामले को लेकर कभी भी इतना संवेदनशील नहीं रहता है।
अभिषेक त्रिपाठी, केपटाउन। एक बार फिर वही हुआ जो नहीं होना चाहिए था। दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन के न्यूलैंड्स स्टेडियम में बुधवार को फिर से उल्टा तिरंगा फहरा दिया गया। करीब दो घंटे तक तक ऐसा होता रहा, लेकिन भारतीय टीम और टीम प्रबंधन का ध्यान भी इस तरफ नहीं गया। जब कुछ पत्रकारों ने इसे देखा तो उन्होंने भारतीय टीम प्रबंधन को इसकी जानकारी दी।
इसके बाद भारतीय टीम प्रबंधन की नींद खुली और उन्होंने दक्षिण अफ्रीकी प्रबंधन को बताया। इसके तुरंत बाद तिरंगे को सीधा करके फहराया गया। हालांकि, जिन्हें यह काम सौंपा गया था उन्हें इस बात का इल्म ही नहीं था कि भारतीय झंडे को कैसे फहराते हैं। जब एक भारतीय पत्रकार ने उन्हें इस बारे में बताया था तब वह सही से भारतीय झंडे को फहरा पाए।
ऐसा पहले भी कई बार अन्य स्टेडियमों में हो चुका है, लेकिन भारतीय प्रबंधन इस मामले को लेकर कभी भी इतना संवेदनशील नहीं रहता है। अगर भारतीय टीम प्रबंधन की तरफ से पहले ही मेजबानों को सही जानकारी दे दी जाती तो ऐसी परिस्थितियां उत्पन्न ही नहीं होतीं। वह भी उस स्थिति में जब टीम के अलावा करीब 10 लोगों का अतिरिक्त स्टाफ भारतीय दल के साथ आया है। भारत की तरफ से हर क्रिकेट मैच के पहले ही स्टेडियम में दोनों टीमों के राष्ट्रीय झंडों के अलावा मेजबान क्रिकेट बोर्ड का झंडा फहराया जाता है।