ICC टेस्ट रैंकिंग : टॉप पर मौजूद भारत ने मजबूत की अपनी बढ़त, मिल सकते हैं 6 करोड़ 66 लाख
ताजा टेस्ट रैंकिंग में भारतीय टेस्ट टीम नंबर एक पर बनी हुई है।
दुबई, प्रेट्र। भारत ने आइसीसी टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष स्थान बरकरार रखने के साथ दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया पर अपनी बढ़त भी मजबूत कर ली है। टेस्ट रैंकिंग की गणना से 2014-15 के परिणाम निकाल देने और 2015-16 से लेकर 2016-17 के परिणामों को 50 प्रतिशत ही महत्व देने के बाद भारत ने दूसरे नंबर पर काबिज दक्षिण अफ्रीका पर अपनी बढ़त 13 अंक की कर दी है। पहले यह केवल चार अंक की थी।
भारत ने 2014-15 के सत्र में ऑस्ट्रेलिया से चार टेस्ट मैचों की सीरीज 0-2 से गंवाई थी। इससे पहले वह 2014 में इंग्लैंड से 1-3 से हार गया था। इसके बाद भारत ने 2016-17 के सत्र में 13 टेस्ट मैचों में से 10 में जीत दर्ज की। भारत के अब कुल 125 अंक हो गए हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका के पांच अंक कम होने कारण 112 अंक ही रह गए हैं। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका अन्य टीमों से काफी आगे है।
ऑस्ट्रेलिया 106 अंक के साथ तीसरे स्थान पर है। उसे अपडेट के बाद चार अंक का फायदा हुआ। वह फिर से न्यूजीलैंड (102 अंक) की जगह तीसरे स्थान पर पहुंच गया, जो कि तीन अप्रैल की अंतिम समय सीमा (कट ऑफ डेट) में उससे आगे निकल गया था। इंग्लैंड (98 अंक) पांचवें स्थान पर है। भारत ने अंतिम समय सीमा पर पहले स्थान पर रहने के कारण 10 लाख डॉलर (करीब छह करोड़ 66 लाख रुपये) और दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे स्थान पर रहने से पांच लाख डॉलर (करीब तीन करोड़ 33 लाख रुपये) जीते। नए अपडेट के बाद बांग्लादेश (75 अंक) वेस्टइंडीज (67 अंक) को पीछे छोड़कर आठवें स्थान पर पहुंच गया है। यह पहला मौका है जब वेस्टइंडीज नौवें स्थान पर खिसका है।