Ind vs SA: रोहित, विराट व मयंक का कमाल, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 3 टेस्ट मैचों में 3 दोहरा शतक पहली बार
Ind vs SA 64 साल पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में तीन दोहरा शतक भारतीय बल्लेबाजों ने लगाए थे।
नई दिल्ली, जेएनएन। India vs South Africa 3rd test match 2019: तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में टीम इंडिया ने मेहमान टीम दक्षिण अफ्रीका पर पहले ही 2-0 की अपराजेय बढ़त हासिल कर ली है। वहीं तीसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में भी टीम इंडिया की हालत अच्छी है। तीन टेस्ट मैचों की पांच पारियों में भारत की तरफ से अब तक तीन दोहरे शतक लगाए जा चुके हैं। टेस्ट क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ये पहला मौका है जब लगातार तीन टेस्ट मैचों में भारतीय बल्लेबाजों ने दोहरे शतक लगाए हैं। प्रोटियाज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में मयंक अग्रवाल (Mayank Agarwal) ने जबकि दूसरे टेस्ट में विराट कोहली (Virat Kohli) ने और तीसरे टेस्ट में रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने दोहरा शतक लगाया।
मयंक अग्रवाल, रोहित शर्मा व विराट कोहली का कमाल
फ्रीडम ट्रॉफी 2019-20 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया की तरफ से तीन दोहरे शतक लगाए जा चुके हैं। मयंक अग्रवाल ने विशाखापत्तनम टेस्ट में अपने करियर का पहला दोहरा शतक लगाया और 215 रन की पारी खेली। इसके बाद पुणे टेस्ट मैच में विराट कोहली ने अपने टेस्ट करियर का 7वां दोहरा शतक लगाया और नाबाद 254 रन की पारी खेली जो उनका टेस्ट का बेस्ट स्कोर भी रहा। वहीं रांची टेस्ट मैच की पहली पारी में ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा ने 212 रन की पारी खेली जो टेस्ट क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ-साथ पहला दोहरा शतक भी रहा। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ऐसा पहली बार हुआ जब टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने लगातार तीन टेस्ट मैचों में दोहरा शतक लगाया।
इस टेस्ट सीरीज में तीन दोहरा शतक जमाने वाले बल्लेबाज
मयंक अग्रवाल- 215 रन
विराट कोहली- 254* रन
रोहित शर्मा- 212 रन
64 साल के बाद एक टेस्ट सीरीज में लगे तीन दोहरे शतक
भारत के टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में 64 साल के बाद ऐसा मौका आया जब किसी टेस्ट सीरीज में तीन दोहरे शतक लगाए गए। इससे पहले वर्ष 1955-56 में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारत की तरफ से तीन दोहरे शतक लगाए गए थे। उस वक्त खेले गए टेस्ट सीरीज में वीनू मांकड़ ने दो जबकि पॉली उमरगर ने एक दोहरा शतक लगाया। 1955-56 के बाद अब यानी 2019 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजों ने टेस्ट सीरीज में ये कमाल दोहराया। हालांकि उस टेस्ट सीरीज में वीनू मांकड़ ने दो दोहरा शतक लगाया था और पॉली उमरीगर ने एक दोहरा शतक लगाया था, लेकिन इस बार तीन अलग-अलग बल्लेबाजों मयंक अग्रवाल, विराट कोहली व रोहित शर्मा ने ये कमाल किया।
भारत के लिए किसी टेस्ट सीरीज में तीन दोहरे शतक
विरुद्ध न्यूजीलैंड (3 मैचों की सीरीज) 1955-56- वीनू मांकड़ (2), पॉली उमरगर (1)
विरुद्ध दक्षिण अफ्रीका (3 मैचों की सीरीज) 2019- मयंक अग्रवाल, विराट कोहली, रोहित शर्मा