DDCA Election: रोहन जेटली ने डीडीसीए अध्यक्ष के लिए भरा नामांकन, ताजपोशी लगभग तय
दिवंगत भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली के पुत्र रोहन जेटली ने डीडीसीए अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भर दिया है। उन्हें अधिकतर गुटों का समर्थन प्राप्त है और उनका अध्यक्ष बनना लगभग तय है। 31 सेल के रोहन पेशे वकील हैं।
अभिषेक त्रिपाठी, नई दिल्ली। दिवंगत भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली के पुत्र रोहन जेटली ने दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के अध्यक्ष पद के लिए बुधवार को नामांकन भर दिया है। इसके साथ ही उनका अध्यक्ष बनना तय है क्योंकि उनको संघ के अधिकतर गुटों का समर्थन प्राप्त है। उनके खिलाफ सिर्फ सुनील कुमार गोयल ने नामांकन भरा है। अगर वह गुरुवार को नाम वापस नहीं लेते हैं तो इस पद पर चुनाव होगा।
17-20 अक्टूबर को अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष सहित कुल छह पदों पर उपचुनाव होना है। वरिष्ठ पत्रकार रजत शर्मा के इस्तीफा देने के कारण अध्यक्ष पद खाली हुआ था। कोषाध्यक्ष पद के लिए पूर्व बीसीसीआइ अध्यक्ष सीके खन्ना की पत्नी शशि खन्ना सहित आठ लोग ने नामांकन भरा है। रोहन के प्रस्तावक सीके खन्ना जबकि शशि खन्ना के प्रस्तावक रोहन बने। डीडीसीए लोकपाल दीपक वर्मा द्वारा लोढ़ा समिति की सिफारिशों के उल्लंघन के कारण भाजपा विधायक ओपी शर्मा को हटाने के कारण कोषाध्यक्ष का पद खाली हुआ था। इसके अलावा चार निदेशकों का भी चुनाव होना है।
खन्ना गुट से इन्होंने नामांकन भरा
खन्ना गुट से शशि खन्ना के अलावा हर्ष गुप्ता, हरीष सिंघला, सुधीर अग्रवाल और रिषु गुप्ता ने नामांकन भरा है। इसमें से कोई एक नाम वापस लेगा। वहीं डीडीसीए सचिव विनोद तिहारा के गुट से पूर्व क्रिकेटर और भाजपा सांसद गौतम गंभीर के रिश्तेदार पवन गुलाटी ने कोषाध्यक्ष के लिए नामांकन किया है। उनके गुट से दिनेश शर्मा, प्रदीप अग्रवाल, अशोक शर्मा और करनैल सिंह निदेशक पद के उम्मीदवार होंगे। निदेशक पद के लिए डीडीसीए के कुल 18 सदस्यों ने नामांकन भरे हैं।
अरुण जेटली और चेतन चौहान के नाम भी वोटर लिस्ट में
डीडीसीए की वोटर लिस्ट में 100 से ज्यादा ऐसे लोगों के नाम शामिल हैं जिनका देहांत हो चुका हैं। इसमें डीडीसीए के पूर्व अध्यक्ष अरुण जेटली के अलावा पूर्व बल्लेबाज और पूर्व उपाध्यक्ष चेतन चौहान के नाम शामिल हैं। डीडीसीए की वोटर लिस्ट में कुल 4270 नाम हैं। इसके अलावा सूची में दिवंगत नामों में पूर्व टेस्ट खिलाड़ी राकेश शुक्ला और मनमोहन सूद हैं। भारत के पूर्व विकेटकीपर सुरिंदर खन्ना की पत्नी अभीता खन्ना, भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष नरेंद्र बत्रा के बेटे ध्रुव बत्रा का नाम भी इस सूची में शामिल है जिनका निधन हो चुका है।
कौन हैं रोहन जेटली
31 वर्षीय रोहन पेशे से वकील हैं। उन्होंने न्यूयॉर्क के कॉर्नेल विश्वविद्यालय से 2014 में मास्टर ऑफ लॉ की डिग्री हासिल की है। नामांकन भरने के बाद रोहन जेटली मैं दिल्ली क्रिकेट की बेहतरी के लिए काम करना चाहूंगा। मैं खेल प्रबंधन के साथ क्लबों और बुनियादी ढांचों को भी अहमियत दूंगा। मैं आश्वस्त कर सकता हूं कि कोई भी गैरजरूरी खर्चा नहीं होगा।