भारत-पाक में मिलता है एक जैसा प्यार : कनेरिया
पाकिस्तान के प्रतिबंधित लेग स्पिनर दानिश कनेरिया आजीवन प्रतिबंध से उबरने के लिए धार्मिक अनुष्ठान के इरादे से भारत आए हैं
नोएडा। धार्मिक अनुष्ठान के लिए भारत यात्रा के दौरान नोएडा आए पाकिस्तान के प्रतिबंधित लेग स्पिनर दानिश कनेरिया ने कहा कि उन्हें भारत और पाकिस्तान में एक जैसा ही प्यार मिलता है। उन्होंने कहा कि मेरे लिए दोनों देशों के लोग काफी अच्छे हैं। पाक में रहकर मैंने कभी दबाव महसूस नहीं किया। इसलिए मुझे पाकिस्तान में ही रहना है।
दानिश अपने अध्यात्मिक गुरु सर्व भूत शरणम घर आकर पूजा-पाठ व अनुष्ठान कार्यों में व्यस्त हैं। वह आजीवन प्रतिबंध से उबरने के लिए धार्मिक अनुष्ठान के इरादे से भारत आए हैं। उन्होंने कहा कि मैं हिन्दू हूं। मेरी भगवान में पूरी आस्था है। वह 17 जून तक पाकिस्तान लौट जाएंगे। दानिश के साथ उनकी पत्नी धर्मिता और मां बबिता कनेरिया भी आई हुई हैं।