इस इंग्लिश क्रिकेटर ने जेल में बिताई रात, चौथे वनडे से भी बाहर हुए
बेन स्टोक्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
लंदन। इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स अपने खराब बर्ताव की वजह से मशहूर हैं। एक बार फिर से वो अपने इसी व्यवहार की वजह से गिरफ्तार कर लिए गए और उन्हें एक रात जेल में गुजारनी पड़ी। हालांकि हेल्स को गिरफ्तार नहीं किया गया लेकिन वो भी इस घटना में शामिल थे। इंग्लैंड और वेस्ट क्रिकेट बोर्ड ने बेन स्टोक्स और एलेक्स हेल्स को चौथे वनडे के लिए टीम से बाहर कर दिया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ इंग्लैंड को चौथा वनडे द ओवल में खेलना है।
ईसीबी डायरेक्टर एंड्रयू स्ट्रॉस ने कहा कि बेन स्टोक्स और एलेक्स हेल्स बुधवार को खेले जाने वाले वनडे मैच में हिस्सा नहीं लेंगे। स्टोक्स की गिरफ्तारी के वक्त हेल्स उनके साथ ही मौजूद थे अब पुलिस जांच में सहयोग के लिए ब्रिस्टल वापस लौट गए हैं। हालांकि स्टोक्स को बिना किसी आरोप के रिहा कर दिया गया।
बेन स्टोक्स को वर्ष 2012 में भी गिरफ्तार किया गया था और बाद में पुलिस ने उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया था। वर्ष 2013 में उन्हें देर रात शराब का सेवन करने के आरोप में इंग्लैंड लायंस टूर से घर वापस भेज दिया गया था। हालांकि स्ट्रॉस ने कहा कि डरहम के खिलाड़ी स्टोक्स और हेल्स के नाम पर एशेज के लिए विचार किया जाएगा।