विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 07, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

IPL 2022 के लिए 'प्लान बी' पर काम कर रही है BCCI, ऐसे हो सकता है टूर्नामेंट का आयोजन

By Vikash GaurEdited By:
Published: Fri, 07 Jan 2022 09:05 AM (IST)

IPL 2022 के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआइ ने प्लान बी को एक्टिवेट कर दिया है। बीसीसीआइ ने ...और पढ़ें

IPL 2022 के लिए बीसीसीआइ का प्लान बी सक्रिय हो गया है (फाइल फोटो)
IPL 2022 के लिए बीसीसीआइ का प्लान बी सक्रिय हो गया है (फाइल फोटो)

नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग यानी आइपीएल के 2022 के सीजन के लिए अभी बहुत कुछ होना है। आइपीएल के नए सीजन की दो नई टीमों को पहले तो अपने 3-3 खिलाड़ी चुनने हैं, जबकि इसके बाद मेगा आक्शन होना है। इसके बाद ही आइपीएल के 15वें सीजन का आयोजन संभव हो पाएगा। हालांकि, इस बीच कोरोना ने फिर से खेलों की दुनिया पर ब्रेक लगाने का काम किया है। बावजूद इसके भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआइ चाहती है कि आइपीएल 2022 का आयोजन हो, क्योंकि बोर्ड के राजस्व का बड़ा हिस्सा इस लीग से आता है।

बीसीसीआइ ने भले ही रणजी ट्राफी समेत घरेलू सत्र को स्थगित कर दिया है, लेकिन आइपीएल के लिए बीसीसीआइ के पास कई प्लान हैं। प्लान ए ये था कि अगर कोरोना से हालात ठीक रहते हैं तो फिर जिन शहरों की टीमें हैं उन शहरों में टूर्नामेंट का आयोजन होगा, लेकिन मौजूदा हालात इसके लिए गवाही नहीं दे रहे हैं। ऐसे में बोर्ड ने प्लान बी पर भी अमल करना शुरू कर दिया है। प्लान बी ये है कि बीसीसीआइ किसी एक शहर के दो या तीन स्टेडियमों में इसका आयोजन कर सकती है। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआइ मुंबई में आइपीएल का आयोजन करा सकती है।

मुंबई में तीन बड़े स्टेडियम हैं, जिनमें वानखेड़े स्टेडियम, डी वाई पाटिल स्टेडियम और जिमखाना स्टेडियम है। इन तीन मैदानों पर आइपीएल का आयोजन हो सकता है। प्लान सी भी बीसीसीआइ की नजर में होगा कि टूर्नामेंट को भारत से बाहर आयोजित कराया जाए। हालांकि, इस प्लान को बीसीसीआइ हाल-फिलहाल में एक्टिवेट नहीं करना चाहेगी। बोर्ड भारत में ही इस टूर्नामेंट को आयोजित कराने का पुरजोर प्रयास करेगा। विदेशी में आयोजित कराने में लागत ज्यादा आती है और तमाम तरह के खर्चे फ्रेंचाइजियों को भी उठाने होते हैं। ऐसे में प्लान बी पर काम किया जा सकता है।