BCCI ने मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज को दो साल के लिए किया बैन, बोर्ड को दिया था धोखा
BCCI ने मुंबई इंडियंस और अंडर 19 टीम के तेज गेंदबाज को दो साल के लिए बैन कर दिया है क्योंकि इस खिलाड़ी ने अपनी उम्र के दस्तावेज फर्जी जमा किए थे।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआइ) ने मुंबई इंडियंस और अंडर 19 टीम एक तेज गेंदबाज को दो साल के लिए बैन कर दिया है। बीसीसीआइ ने इसी साल मुंबई इंडियंस के लिए आइपीएल खेलने वाले इंग्लैंड के लिए अंडर 19 टीम में चुने गए रसिख सलाम शेख को दो साल के लिए क्रिकेट से बैन कर दिया है।
BCCI के इस एक्शन के बाद रसिख सलाम 21 जुलाई से इंग्लैंड दौरे पर जा रही अंडर-19 टीम इंडिया का हिस्सा नहीं होंगे। साउथ कश्मीर में जिला कुलगाम के रहने वाले रसिख सलाम के स्थान पर टीम में अब प्रभात मौर्या को जगह मिली है, जो अगले महीने इंग्लैंड दौरे पर जाएंगे। इस तरह इस युवा क्रिकेटर को अपने शुरुआती करियर में ही बदनामी झेलनी पड़ी है।
बीसीसीआइ ने एक बयान में कहा है कि रसिख सलाम ने जो जन्म प्रमाणपत्र बोर्ड में जमा कराया था उसमें गड़बड़ी पाई गई है। इसी का दोषी और बोर्ड को धोखा देने के एवज में रसिख सलाम पर दो साल का बैन लगाया गया है। बता दें कि जम्मू कश्मीर का ये खिलाड़ी आइपीएल में खेलने वाले सबसे कम आयु का क्रिकेटर बना था।
आइपीएल 2019 में भाग लेने वाले रसिख सलाम जम्मू कश्मीर के तीसरे खिलाड़ी हैं। उनसे पहले परवेज रसूल और मंजूर डार आइपीएल में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। रसिख सलाम ने इस साल मुंबई इंडियंस के लिए अपना पहला मैच खेला था। आइपीएल 2019 का आगाज मैच खेलने वाले रसिख सलाम ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 4 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें उन्होंने 42 रन खर्च किए।
रसिख सलाम ने मुंबई इंडियंस के आइपीएल 2019 के पहले मैच में पहले तीन ओवरों में मात्र 21 रन दिए थे, लेकिन अंतिम ओवर में दिल्ली कैपिटल्स के विकेटकीपर बल्लेबाज रिषभ पंत ने 21 रन बनाकर उनका औसत बिगाड़ दिया। इसके बाद रसिख सलाम को एक भी आइपीएल मैच खेलने का मौका नहीं मिला। रसिख सलाम को जम्मू कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (जेकेसीए) ने बीते साल राज्य टीम का हिस्सा बनाया था। रसिख सलाम को टीम इंडिया तेज गेंदबाज इरफान पठान ने टेलेंट हंट अभियान के दौरान चुना था।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप