भारतीय ऑलराउंडर की आलोचना करना मांजरेकर को पड़ा महंगा, BCCI ने किया कमेंट्री पैनल से बाहर: Report
Sanjay Manjrekar axed from BCCI’s commentary panel कमेंट्री करते हुए संजय अक्सर ही भारतीय खिलाड़ियों की आलोचना करते सुनाई दिया करते थे।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज और कमेंट्रेटर संजय मांजरेकर को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने कमेंट्री पैनल से बाहर कर दिया है। भारतीय क्रिकेट सीरीज के दौरान कमेंट्री पैनल का नियमित हिस्सा बन चुके संजय साउथ अफ्रीका सीरीज के दौरान नजर नहीं आए। इसके पीछे की वजह उनको पैनल से बाहर किया जाना बताया जा रहा है।
कमेंट्री पैनल में सुनील गावस्कर, वीवीएस लक्ष्मण तो नजर आए लेकिन संजय मांजरेकर दिखाई नहीं दिए। जानकारी के मुताबिक उनको बीसीसीआई ने कमेंट्रर पैनल से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। कमेंट्री पैनल में संजय को हमेशा ही दूसरो से अलग राय रखते हुए पाया गया है। वो अक्सर ही भारतीय खिलाड़ियों की आलोचना करते सुनाई दिया करते थे।
बीसीसीआई द्वारा उनको पैनल से बाहर किया जाना चौंकाने वाला फैसला नहीं है। पिछले दिनों उन्होंने कुछ ऐसी बाती की थी जिसके बाद उनको कमेंट्री से बाहर किए जाने की बात सामने आई थी।
संजय मांजरेकर से जुड़ा विवाद
पिछले साल इंग्लैंड और वेल्स में खेले गए आईसीसी विश्व कप के दौरान संजय ने भारतीय ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की आलोचना की थी। जडेजा ने सोशल मीडिया पर उनके प्रदर्शन पर सवाल उठाए जाने का करारा जवाब दिया था। दोनों के बीच सोशल मीडिया पर छीडी जंग चर्चा में रही थी। जिसके बाद उनको हरतरफ से जडेजा पर दिए बयान की वजह से आलोचना का शिकार होना पड़ा था।
वहीं कोलकाता में भारत और बांग्लादेश के बीच खेले गए पहले पिंक बॉल टेस्ट के दौरान भी संजय ने साथी कमेंट्रेटर हर्षा भोगले को नीचा दिखाने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा था आपने क्रिकेट नहीं खेला है आपको ज्यादा पता नहीं है। सिर्फ क्रिकेट खेलने वाले ही मैच की दौरान हो रही चीजों पर बात कर सकते हैं।