विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Mustafizur Rahman और नाहिद राणा को PSL 2026 में नहीं खेलने देगा बांग्‍लादेश बोर्ड, रद की क्रिकेटर्स की एनओसी

Published: Fri, 24 Apr 2026 09:30 AM (IST)

बांग्‍लादेश क्रिकेट बोर्ड ने तेज गेंदबाज मुस्‍ताफिजुर रहमान का शेष पाकिस्‍तान सुपर लीग के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) रद कर दिया है। बीसीबी ने इसकी वजह बताई।

मुस्‍ताफिजुर रहमान

मुस्‍ताफिजुर रहमान

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। बांग्‍लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने शेष पाकिस्‍तान सुपर लीग (पीएसएल 2026) के लिए अपने तेज गेंदबाज मुस्‍ताफिजुर रहमान की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) रद कर दी है।

बीसीबी ने रहमान की एनओसी रद करने के लिए चोट का हवाला दिया। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अब सीजन के बचे हुए मैचों में लाहौर कलंदर्स के लिए उपलब्‍ध नहीं रहेंगे।

बता दें कि पीएसएल की शुरूआत 26 मार्च से हुई। मुस्‍ताफिजुर रहमान को दो चरणों में एनओसी की मंजूरी मिलनी थी- पहला 26 मार्च से 12 अप्रैल तक और फिर 24 अप्रैल से 3 मई तक। 12 दिनों के ब्रेक के दौरान रहमान को न्‍यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में हिस्‍सा लेना था।

रहमान की चोट कितनी गंभीर

मुस्‍ताफिजुर रहमान ने चोट के कारण न्‍यूजीलैंड के खिलाफ पहले दो वनडे में हिस्‍सा नहीं लिया और निर्णायक मुकाबले में वापसी करके पांच विकेट झटके। बांग्‍लादेश ने तीसरे वनडे में कीवी टीम को 55 रन से मात देकर सीरीज अपने नाम की।

बीसीबी ने घोषणा की है कि मुस्‍ताफिजुर रहमान को स्‍कैन से गुजरना होगा और रिहैब भी करना पड़ सकता है। हालांकि, बोर्ड ने यह नहीं बताया कि रहमान को चोट क्‍या लगी है और ये कितनी गंभीर है।

बीसीबी ने क्‍या कहा

बांग्‍लादेश क्रिकेट बोर्ड जानकारी देना चाहता है कि न्‍यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे के बाद टीम के मेडिकल स्‍टाफ ने तेज गेंदबाज मुस्‍ताफिजुर रहमान की स्थिति की समीक्षा की। यह फैसला किया गया कि आगे की स्थिति का पता करने के लिए खिलाड़ी को तुरंत स्‍कैन से गुजरना होगा, जिसके बाद बीसीबी मेडिकल टीम की निगरानी में उनका रिहैब कार्यक्रम शुरू होगा। इस संबंध में बोर्ड ने मुस्‍ताफिजुर के लिए पहले जारी की गई एनओसी वापस ले ली है। वो शेष पीएसएल में हिस्‍सा नहीं ले पाएंगे।

-

बीसीबी का बयान

पीएसएल में नहीं खेलने वाले थे रहमान

बोर्ड ने इसके साथ ही तेज गेंदबाज नाहिद राणा की एनओसी भी रद की। याद दिला दें कि मुस्‍ताफिजुर रहमान इस साल पीएसएल में हिस्‍सा नहीं लेने वाले थे। उन्‍हें आईपीएल में केकेआर ने 9 करोड़ रुपये में खरीदा था। मगर बीसीसीआई के निर्देश के बाद रहमान को आईपीएल से बाहर किया गया और तेज गेंदबाज ने पीएसएल का रुख किया।

यह भी पढ़ें: मुस्तफिजुर रहमान को लेकर BCCI को हो रहा अफसोस, बांग्लादेशी गेंदबाज के IPL से बाहर होने पर बोर्ड ने तोड़ी चुप्पी

यह भी पढ़ें: कोलकाता नाइटराडर्स से निकाले गए मुस्तफिजुर रहमान को पाकिस्‍तान ने अपनाया, PSL में इस फ्रेंचाइजी के लिए खेलेंगे