महान विव रिचर्ड्स का रिकॉर्ड इसी मैदान पर तोड़ा था इस बल्लेबाज ने
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच आज चौथा एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। पाकिस्तान के सईद अनवर ने इसी मैदान पर 1997 में भारत के खिलाफ 194 रनों की पारी खेलते हुए उस वक्त वनडे में सर्वाधिक व्यक्तिगत रनों की पारी का विव रिचर्ड्स
नई दिल्ली। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच आज चौथा एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। पाकिस्तान के सईद अनवर ने इसी मैदान पर 1997 में भारत के खिलाफ 194 रनों की पारी खेलते हुए उस वक्त वनडे में सर्वाधिक व्यक्तिगत रनों की पारी का विव रिचर्ड्स का रिकॉर्ड तोड़ा था।
अनवर ने 21 मई 1997 को भारत के खिलाफ 194 रनों की पारी खेली थी। उन्होंने 146 गेंदों में 22 चौकों व 5 छक्कों की मदद से ये रन बनाए और वे मात्र 6 रनों से दोहरा शतक चूके थे। अनवर 47वें ओवर में तेंदुलकर की गेंद पर स्वीप करने के प्रयास में फाइन लेग पर गांगुली को कैच थमा बैठे थे। उन्होंने विव रिचर्ड्स द्वारा इंग्लैंड के खिलाफ 1984 में ओल्ड ट्रैफर्ड में इंग्लैंड के खिलाफ खेली 189 रनों की नाबाद पारी के कीर्तिमान को भंग किया था।
वनडे में इस वक्त सर्वाधिक व्यक्तिगत रनों की पारी खेलने का रिकॉर्ड तो रोहित शर्मा (264) के नाम दर्ज है, लेकिन अनवर के नाम इस मैदान पर सर्वाधिक व्यक्तिगत पारी का कीर्तिमान दर्ज है। इस मैदान पर दूसरी बड़ी व्यक्तिगत पारी महेंद्र सिंह धौनी के नाम दर्ज है, जब उन्होंने 10 जून 2007 को एशिया एकादश की तरफ से अफ्रीका एकादश के खिलाफ नाबाद 139 रनों की पारी खेली थी।
चिदंबरम स्टेडियम में वनडे मैच में सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत प्रदर्शन का कीर्तिमान वेस्टइंडीज के रवि रामपॉल के नाम दर्ज है, जब उन्होंने 20 मार्च 2011 को भारत के खिलाफ 51 रनों पर 5 विकेट लिए थे। पाकिस्तान के आकिब जावेद ने 21 मई 1997 को भारत के खिलाफ 61 रनों पर 5 विकेट झटके थे, जो इस मैदान का दूसरा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है।