अनुष्का शर्मा ने क्रिकेट के मैदान पर रखा कदम, निभाएंगी टीम इंडिया की कप्तान की भूमिका
Anushka Sharma in Jhulan Goswamis biopic विराट कोहली की पत्नी और बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा बड़े पर्दे पर क्रिकेटर की भूमिका में नज़र आएंगी।
नई दिल्ली, जेएनएन। Anushka Sharma in Jhulan Goswami's biopic: भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली कितने बड़े क्रिकेटर हैं, ये हर कोई जानता है। अब उनकी पत्नी और बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा भी क्रिकेट के मैदान पर कदम रखने वाली हैं। हालांकि, वे रहेंगी अपनी फिल्मी दुनिया में ही, लेकिन वे बड़े पर्दे पर क्रिकेटर की भूमिका में भारतीय टीम की कप्तान बनकर गेंदबाजी करती नज़र आएंगी।
दरअसल, साल 2018 में आखिरी बार शाहरुख खान के साथ फिल्म 'जीरो' में नजर आईं अनुष्का शर्मा भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान और तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी की बायोपिक फिल्म में नज़र आने वाली हैं। लगभग उन्हीं की कद-काठी की अनुष्का शर्मा ने इस फिल्म के लिए प्रैक्टिस शुरू कर दी थी। वहीं, अब कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें वे भारतीय टीम की टीशर्ट पहने झूलन गोस्वामी के साथ नज़र आ रही हैं।
#AnushkaSharma with #JhulanGoswami at Eden gardens, Kolkata, yesterday.
चकदहा एक्सप्रेस के नाम से जानी जाने वालीं झूलन गोस्वामी वुमेन क्रिकेट में भारत के लिए ही नहीं, बल्कि दुनियाभर की महिला क्रिकेटरों में लीजेंड हैं। साल 2002 से भारतीय महिला टीम के लिए लगातार खेल रहीं झूलन गोस्वामी को क्रिकेट के मैदान पर 18 साल से ज्यादा का समय हो गया है। ऐसे में सीधेतौर पर उनकी सफलता के लिए किए गए संघर्ष की कहानी सिल्वर स्क्रीन पर आएगी। झूलन की इसी भूमिका में अनुष्का शर्मा नज़र आएंगी।
एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा ने शनिवार की रात कोलकाता के ईडन गार्डेंस पर सुबह 4 बजे तक शूटिंग की। अनुष्का ने झूलन गोस्वामी की भूमिका में 10 अन्य खिलाड़ियों के साथ मैदान पर एंट्री शॉट लिया। बता दें कि झूलन गोस्वामी ने साल 2018 में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था। उसी साल वे वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 200 विकेट लेने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनी थीं। वहीं, साल 2007 में उनको आइसीसी वुमेन प्लेयर ऑफ द ईयर अवॉर्ड मिला था। झूलन के नाम 182 वनडे मैचों में 225 विकेट, 10 टेस्ट मैचों में 40 विकेट और 68 T20I मैचों में 56 विकेट अपने नाम किए हैं।