पूर्व क्रिकेटर कपिल देव से अमित शाह ने की मुलाकात, जानिए क्या हुई बात
शाह ने इस मुलाकात के दौरान कपिल देव को मोदी सरकार की पिछले चार सालों की उपलब्धियों के बारे में बताया।
नई दिल्ली, जेएनएन। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पूर्व क्रिकेटर कपिल देव से मुलाकात की। शाह ने 2019 के लोकसभा चुनावों के लिए पार्टी द्वार चलाए जा रहे महासंपर्क अभियान के तहत ये मुलाकात की। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इस मुलाकात के दौरान भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव को मोदी सरकार की पिछले चार सालों की उपलब्धियों के बारे में बताया।
अमित शाह ने यह मुलाकात कपिल देव के दिल्ली स्थित उनके आवास 39 सुंदर नगर पर जाकर की। महासंपर्क अभियान की शुरुआत सबसे पहले अमित शाह ने पूर्व थलसेना अध्यक्ष दलबीर सुहाग से उनके गुरुग्राम स्थित आवास पर जाकर की थी। इस अभियान की शुरुआत में अमित शाह भाजपा के चार सालों का रिपोर्ट कार्ड लेकर 'संपर्क फॉर समर्थन' के पूर्व थलसेना प्रमुख के घर पहुंचे थे। इनके अलावा शाह ने कानून विशेज्ञ सुभाष कश्यप से भी मुलाकात की।
BJP President Amit Shah met Kapil Dev in Delhi, as part of Shah's 'Sampark for Samarthan' initiative to let people know about the achievements of Central government in past 4 years. pic.twitter.com/BtePBBdr2M — ANI (@ANI) June 1, 2018
बीते सोमवार को मोदी सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर समर्थन के लिए 'संपर्क फॉर समर्थन' अभियान शुरू किया गया है। पूर्व थलसेना प्रमुख दलबीर सिंह सुहाग के बाद अब पूर्व क्रिकेटर कपिल देव से मुलाकात कर अमित शाह ने मोदी सरकार की चार सालों की उपलब्धियों के बारे में विचार साझा किए। इसके साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष ने 2019 में भाजपा और मोदी सरकार के लिए समर्थन भी मांगा।
भाजपा ने अपने इस अभियान के तहत अगले 15 दिनों में एक लाख भद्र लोगों से मुलाकात करने की योजना बनाई है। इस अभियान को पूरा करने के लिए भाजपा ने अपने तेज –तर्रार 4000 कार्यकर्ताओं को लगाया है। अगले 15 दिनों में भाजपा के कार्यकर्ता समाज के नामचीन लोगों के घर-घर जाकर यह अभियान पूरा करने में लगे हैं।