MS Dhoni का प्लान है तैयार रिटायरमेंट के बाद अब करेंगे ये सारे काम, बचपन के दोस्त ने किया खुलासा
MS Dhoni अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद क्या करने वाले हैं इसके बारे में खुलासा हो गया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। MS Dhoni अब संन्यास ले चुके हैं और अब वह टेरिटोरियल आर्मी के साथ अधिक समय बिताएंगे। धौनी के दोस्त और व्यापारिक साझेदार अरुण पांडे ने कहा कि मैं यह बात जानता था कि वह जल्द संन्यास लेंगे, लेकिन एकदम सही समय मुझे नहीं पता था, हालांकि यह तो उन्हें ही तय करना था। उन्होंने इस साल के शुरुआत में आइपीएल की तैयारियां शुरू कर दी थी, लेकिन वह स्थगित हो गया था और उसके बाद टी-20 विश्व कप भी अगले साल के लिए टल गया। ऐसे में उन्होंने मानसिक रूप से आजाद होने की सोची।
धौनी टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल हैं। 2019 विश्व कप के बाद धौनी ने पैराशूट रेजीमेंट के साथ एक महीना बिताया था। पांडे ने कहा कि एक बात तय है कि अब वह सेना के साथ ज्यादा समय बिता सकेंगे। अब वह अपने बिजनेस और और अन्य प्रतिबद्धताओं पर भी ध्यान दे सकेंगे। हम लोग जल्द साथ बैठेंगे और आगे बढ़ेंगे। ज्यादातर केस में संन्यास लेने के बाद खिलाड़ी की ब्रांड वैल्यू घट जाती है, लेकिन पांडे को लगता है कि धौनी के मामले में ऐसा नहीं होगा।
पांडे ने कहा कि 2019 के बाद से हमने 10 नई कंपनियों से करार किए हैं और यह लंबे करार हैं। यह आगे भी रहेंगे, क्योंकि धौनी सिर्फ क्रिकेटर नहीं हैं, यूथ आइकन हैं। वह अगले दो से तीन सत्र तक आइपीएल खेलेंगे। अब वह फ्री हैं। टी-20 विश्व कप का आगे खिसकना जरूर उनके संन्यास का एक फैक्टर रहा है।
दोस्तों के लिए नहीं बदले माही
क्रिकेट की दुनिया में धौनी की प्रतिभा हर कोई देख चुका है। वह एक शानदार नेतृत्वकर्ता के रूप में उभरे, लेकिन उनके बचपन के दोस्तों के लिए वह आज भी रांची के लड़के हैं। रांची की गलियों से निकलकर वह भारतीय क्रिकेट के पोस्टर ब्वॉय बने, लेकिन रांची के इस लड़के के चेहरे की वह मंद मुस्कान नहीं गई।
उनके बचपन के दोस्त सीमंत लोहानी चिट्टू ने कहा कि मैं और माही पिछले 35 वर्ष से दोस्त हैं। नर्सरी से जब हम चार वर्ष के थे। वह बाद में करियर में व्यस्त हो गया और उसने काफी उतार चढ़ाव देखे, लेकिन वह हमारे लिए वही रांची का माही ही रहा। चिट्टू का किरदार एमएस धौनी की मूवी में भी काफी पसंद किया गया था। उन्होंने कहा कि मैंने माही के बर्ताव में कोई अंतर नहीं देखा। वह आज भी जमीन से जुड़ा हुआ है। मैं उनके लिए क्या कह सकता हूं। उन्होंने हमारे चेहरे पर मुस्कान देने के कई मौके दिए हैं। हमें उस पर गर्व है। क्या सेलिब्रिटी बनने के बाद अपने दोस्तों को भूल जाना चाहिए? अगर आप उन्हें जानते हैं या मिलते हैं। यह सवाल माही के मन में कभी नहीं आया। भारतीय क्रिकेट में कई दिग्गज खिलाड़ी रहे, लेकिन कोई दूसरा माही नहीं होगा। उन्होंने ज्यादा तो नहीं बताया, लेकिन इशारा किया कि धौनी ने लगभग हर दोस्त की मदद की है।