शाहिद अफरीदी ने रचा इतिहास, बना दिया ये विश्व रिकॉर्ड
पाकिस्तान के कप्तान शाहिद अफरीदी ने टी-20 विश्व कप के सुपर 10 राउंड में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में इतिहास रच दिया। अफरीदी अब श्रीलंका के लसिथ मलिंगा को पीछे छोड़कर टी-20 विश्व कप इतिहास के सबसे सफल गेंदबाज बन गए।
मोहाली। पाकिस्तान के कप्तान शाहिद अफरीदी ने टी-20 विश्व कप के सुपर 10 राउंड में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में इतिहास रच दिया। अफरीदी अब श्रीलंका के लसिथ मलिंगा को पीछे छोड़कर टी-20 विश्व कप इतिहास के सबसे सफल गेंदबाज बन गए।
मलिंगा ने टी-20 विश्व कप में सर्वाधिक 38 विकेट लिए है। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच से पहले अफरीदी के नाम 37 विकेट थे। अफरीदी ने कोलिन मुनरो (7) को शार्जील खान के हाथों झिलवाकर मलिंगा के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। मुनरो स्वीच हिट लगाने के प्रयास में आउट हुए। अफरीदी ने इसके बाद कोरी एंडरसन (21) को लांग ऑफ पर शोएब मलिक के हाथों कैच करवाकर मलिंगा को पीछे छोड़ते हुए इतिहास रचा। यह उनका टी-20 विश्व कप में 39वां शिकार बना।
अफरीदी अब 33 टी-20 विश्व कप मैचों में 22.56 की औसत से 39 विकेट ले चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 11 रनों पर 4 विकेट है। दूसरी तरफ मलिंगा ने 31 मैचों में 20.07 की औसत से 38 विकेट झटके थे। पाकिस्तान के पूर्व स्पिनर सईद अजमल 36 विकेटों के साथ इस सूची में तीसरे क्रम पर है।