स्पिनरों से निपटने के लिए हवाई शॉट खेल रहे बल्लेबाज
हर बार की तरह इस बार भी आइपीएल में स्पिनर हाशिये पर नजर आ रहे हैं। रविवार को विशाखापत्तनम में मुंबई इंडियंस और दिल्ली डेयरडेविल्स के बीच भिड़ंत में भी ये देखने को मिला।
(शास्त्री का कॉलम)
हर बार की तरह इस बार भी आइपीएल में स्पिनर हाशिये पर नजर आ रहे हैं। रविवार को विशाखापत्तनम में मुंबई इंडियंस और दिल्ली डेयरडेविल्स के बीच भिड़ंत में भी ये देखने को मिला। ये वही मैदान था जहां मुंबई को पिछले दो मैचों में रन बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ा।
मुंबई के खिलाफ दिल्ली तीन विशेषज्ञ स्पिनरों के साथ उतरी। टॉस जीतकर उसने गेंदबाजी का फैसला किया और पहला ओवर स्पिनर को दिया गया। शुरुआती ओवर में ही रोहित शर्मा ने एक चौका और एक छक्का जड़कर अपने इरादे जाहिर कर दिए। अगले 19 ओवर भी दिल्ली के लिए बुरे सपने की तरह साबित हुए।
जहीर स्पिनरों से गेंदबाजी कराते रहे और मुंबई के बल्लेबाज अमित मिश्रा, इमरान ताहिर और नदीम की गेंदों को बाउंड्री पार पहुंचाते रहे। हालत ये हुई कि नदीम मौजूदा सत्र में सबसे ज्यादा रन लुटाने वाले गेंदबाज बन गए। मुंबई ने अपनी पारी में चौके से ज्यादा छक्के लगाए। गेंदों को उड़ाने की रणनीति मुंबई ने पंजाब के खिलाफ मिली हार के बाद अपनाई। पंजाब के खिलाफ मुंबई के बल्लेबाज महज चार चौके ही जड़ पाए थे।
धीमी पिच पर जहां गेंद घूमने के साथ-साथ उछाल भी ले रही हो वहां गेंद को ड्राइव या कट करना बेहतर विकल्प नहीं होता। दिल्ली के खिलाफ मुंबई के बल्लेबाज गेंद की पिच तक गए और गेंद स्पिन होने से पहले उन्होंने उसे हवाई शॉट खेले। ये रणनीति काफी कारगर रही और मुंबई ने खूब रन बटोरे। ऐसे में जरूरत हो तो पिंच हिटर को भेजो जैसे कि कृणाल पांड्या को अंबाती रायुडू से पहले भेजा गया। देखना होगा कि स्पिनर इस चुनौती का सामना कैसे करते हैं।