विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IPL 2026: 17 साल से नहीं टूटा युवराज सिंह का ये महा-रिकॉर्ड, अच्छे-अच्छे दिग्गज भी हुए फेल; क्या इस सीजन टूटेगा तिलिस्म?

Published: Sat, 21 Mar 2026 04:40 PM (IST)

युवराज सिंह को वैसे तो उनकी हार्ड हिटिंग के लिए जाना जाता है, लेकिन इस दिग्गज ने अपनी स्पिन गेंदबाजी ...और पढ़ें

युवराज सिंह ने फिरकी से किया कमाल

युवराज सिंह ने फिरकी से किया कमाल

HighLights

  1. 17 साल से नहीं टूटा युवराज सिंह का रिकॉर्ड

  2. युवराज ने अपनी फिरकी से बनाया ये रिकॉर्ड

  3. युवराज ने पंजाब से खेलते हुए बनाया था रिकॉर्ड

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। युवराज सिंह का नाम जब जेहन में आता है तो एक ऐसे बल्लेबाज की छवि उभरती है जो लंबे-लंबे छक्के मारने के लिए जाना जाता है। युवराज के नाम टी20 इंटरनेशनल में एक ओवर में छह छक्के मारने का रिकॉर्ड भी है, लेकिन युवराज सिंह अपने बल्ले से ही कमाल नहीं करते थे बल्कि वह ऑलराउंडर थे और अपनी फिरकी से भी अहम रोल निभाते थे। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में युवराज ने अपनी गेंदबाजी से ऐसा रिकॉर्ड बनाया था जो आज तक नहीं टूटा है।

युवराज ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) से की थी। वह इस टीम के कप्तान थे। बतौर कप्तान युवराज ने साउथ अफ्रीका में साल 2009 में खेले गए आईपीएल में ऐसा कमाल किया था जो अभी तक कोई भी गेंदबाज नहीं दोहरा पाया है।

युवराज की फिरकी का कमाल

युवराज बाएं हाथ के स्पिनर थे और कई मैचों में उन्होंने टीम के लिए अहम विकेट निकाले हैं। आईपीएल में भी उन्होंने कमाल की गेंदबाजी की है। युवराज वो खिलाड़ी हैं जिनके नाम आईपीएल में हैट्रिक है वो भी एक नहीं दो। युवराज ने एक ही सीजन में ये दो हैट्रिक ली थीं। वह आईपीएल के एक सीजन में दो हैट्रिक लेने वाले पहले और अभी तक इकलौते गेंदबाज हैं। देखना होगा कि आईपीएल-2026 में कोई गेंदबाज ये कमाल कर पाता है या नहीं।

इन टीमों के खिलाफ ली थी हैट्रिक

युवराज ने अपनी पहली हैट्रिक डरबन के मैदान पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ ली थी। युवराज ने ये हैट्रिक दो ओवरों में ली थी। 12वें ओवर की पांचवीं गेंद पर उन्होंने रॉबिन उथप्पा को आउट किया था। ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने जैक्स कैलिस को अपना शिकार बनाया था। इसके बाद वह 14वां ओवर फेंकने आए थे और इस ओवर की पहली ही गेंद पर उन्होंने विकेटकीपर-बल्लेबाज मार्क बाउचर को एलबीडब्ल्यू कर दिया था। ये उनकी पहली हैट्रिक थी जो उन्होंने 1 मई 2009 को ली थी।

इसके बाद 17वें दिन युवराज ने एक और हैट्रिक ली थी। इस बार उन्होंने ये कमाल डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ किया था। 17 मई को जोहान्सबर्ग में खेले गए मैच में युवराज ने ये हैट्रिक भी दो ओवरों में ली थी। इसी के साथ एक और इत्तेफाक था। वो ये कि युवराज ने पहली हैट्रिक की तरह ये हैट्रिक भी 12वें और 14वें ओवर में ली थी। 12वें ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने हर्षल गिब्स को आउट किया था। इसके बाद 14वें ओवर की पहली गेंद पर उन्होंने एंड्रयू साइमंड्स को और दूसरी गेंद पर वेणुगोपाल राव को आउट किया था।

युवराज के बाद कोई भी खिलाड़ी ये काम नहीं कर पाया है। इस बाएं हाथ के दिग्गज खिलाड़ी के नाम आईपीएल में 132 मैचों में 2750 रन हैं जिसमें 13 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं युवराज ने 36 विकेट भी अपने नाम किए हैं।

यह भी पढ़ें- यश दयाल RCB के कैंप से गायब, IPL 2026 खेलने पर मंडराया संकट; टीम से हो गए हैं बाहर?

यह भी पढ़ें- IPL 2026: आईपीएल में उतरने से पहले भगवान राम की शरण में लखनऊ सुपर जॉइंट्स टीम के सदस्य