इंग्लैंड के खिलाफ युवराज का धमाका, दिखाया अपना दम
इंग्लैंड के खिलाफ अभ्यास मैच में युवी ने अपना दम दिखाया।
नई दिल्ली। काफी समय के बाद भारतीय वनडे और टी 20 टीम में वापसी करने वाले युवराज सिंह ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले अभ्यास मैच में अपना दम दिखा दिया। घरेलू मैचों में शानदार खेल के दम पर टीम इंडिया में जगह बनाने वाले युवी ने आखिरी बार कप्तानी कर रहे धौनी की अगुआई में गजब की पारी खेली।
युवी का दम, इंग्लैंड के गेंदबाज हुए बेदम
इंग्लैंड के खिलाफ पहले अभ्यास मैच में युवी ने जैसी बल्लेबाजी की उसे देखकर रही लग रहा था कि वो अपने पुराने रंग में लौट आए हैं। इस मैच में युवी ने सिर्फ 40 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। इस दौरान उन्होंने 6 चौके और 2 छक्के लगाए। वैसे उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ कुल 56 रन बनाए और 48 गेंदों का सामना किया। युवी का स्ट्राइक रेट 116.66 का रहा।
कप्तान को दी सम्मानजनक विदाई
युवी ने अपनी बेहतरीन पारी से अपने पूर्व कप्तान धौनी को सम्मानजनक विदाई दी। धौनी की कप्तानी में युवी ने एक से बढ़कर एक पारियां खेली और भारतीय क्रिकेट फैंस का खूब मनोरंजन किया। एक बार फिर से धौनी की कप्तानी में आखिरी बार युवी ने वैसी ही पारी खेली और सबका जमकर मनोरंजन किया।
रायडू ने भी लगाया शतक
अंबाती रायडू ने भी कमाल की पारी खेली और 97 गेंदों पर 100 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में कुल 11 चौके और 1 छक्का लगाया।