टाइम मैगजीन की 100 प्रभावशाली लोगों की सूची में विराट कोहली भी शामिल
विराट ने पहली बार दक्षिण अफ्रीका में भी एकदिवसीय और टी 20 सीरीज अपनी कप्तानी में जीतकर इतिहास रच दिया।
न्यूयार्क, प्रेट्र। टाइम मैगजीन की 100 प्रभावशाली लोगों की सूची में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली भी जगह बनाने में कामयाब हुए हैं। सूची में उनके अलावा बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण, ओला के सह संस्थापक भावेश अग्रवाल और माइक्रोसाफ्ट के भारत में जन्मे सीईओ सत्य नडेला के नाम भी शामिल हैं। दुनिया में इस वर्ष के सबसे प्रभावशाली लोगों में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भी नाम है। मैगजीन ने कहा है, 'दुनिया के सबसे प्रभावशाली लोगों की टाइम की सालाना सूची में जिनका मनोनयन किया गया है उनका समय अब हमारे सम्मान में है।'
क्रिकेटर कोहली के बारे में मशहूर क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने कहा है कि कोहली की रनों की भूख और सामंजस्य उल्लेखनीय है। इसी ने उन्हें उनके खेल को विशिष्ट बनाया है। आपको बता दें कि पिछले एक सालों में विराट की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट ने नई ऊंचाइयों को छुआ है। विराट ने पहली बार दक्षिण अफ्रीका में भी एकदिवसीय और टी 20 सीरीज अपनी कप्तानी में जीतकर इतिहास रच दिया। विराट से पहले कोई भी भारतीय कप्तान यह कारनामा नहीं कर सका था।
फिल्म 'एक्सएक्सएक्स रिटर्न ऑफ एक्सअंडर कैज' में दीपिका के सह-अभिनेता विन डिएसेल ने कहा कि अभिनेत्री यहां न केवल भारत का प्रतिनिधित्व करती हैं, बल्कि वह दुनिया का प्रतिनिधित्व करती हैं। उन्होंने कहा है कि अभिनेत्री सिर्फ स्टार भर नहीं हैं।
IPL की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
ट्विटर पर दीपिका सबसे ज्यादा फालोअर वाली एशियाई महिला हैं। वर्तमान में वह अपनी ऐतिहासिक फिल्म पद्मावती को लेकर सफलता की सीढि़यां चढ़ रही हैं। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कमाई का 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।
भावेश अग्रवाल के लिए प्रोफाइल लिखते हुए भारतीय ई-कामर्स कंपनी फ्लिपकार्ट के कार्यकारी चेयरमैन सचिन बंसल ने उनके विजन, उत्साह और दृढ़ निश्चय को रेखांकित किया है। इसके बल पर ही वह सभी विपरीत परिस्थितियों में अडिग रहते हैं।